शिक्षा और रोजगार
State Teacher Award: प्रिंसिपल विजय कपूर राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित
लगभग तीन दशकों की समर्पित सेवा का मिला सम्मान
पटियाला (सच कहूँ/नरेन्द्र सिंह बठोई)। State Teacher Award: अध्यापक दिवस के अवसर पर पंजाब सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय एवं समर्पित सेवाएँ निभाने वाले शिक्षकों को स्टेट अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से समर्पण, मेहनत, नेतृत्व और नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम योगदान देने वाली विजय कपूर, प्रिंसिपल, पी.एम. श्री सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (मल्टीपर्पज), पटियाला को राज्य शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी लगभग तीन दशकों की अध्यापन एवं शिक्षा प्रबंधन सेवा के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों और स्कूल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के प्रयासों की मान्यता है।
प्रिंसिपल विजय कपूर ने अपनी अध्यापन सेवा की शुरूआत 1 मार्च 1996 को सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल दोस्तपुर (गुरदासपुर) में लेक्चरार के रूप में की। शिक्षा के क्षेत्र में करीब तीन दशकों की अपनी समर्पित सेवा के दौरान उन्होंने पंजाब के विभिन्न सरकारी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में शिक्षक एवं प्रिंसिपल के रूप में अपनी जिम्मेदारियां बखूबी निभाईं। अब 21 नवंबर 2022 से वह पी.एम. श्री सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल मल्टीपर्पज, पटियाला में प्रिंसिपल के रूप में सेवाएँ निभा रही हैं। प्रिंसिपल कपूर के नेतृत्व में पांच वर्षों के दौरान 5 विद्यार्थियों ने एनएमएमएस, 1 ने एनटीएसई, 27 ने मेरिटोरियस स्कूल, 72 ने स्कूल आॅफ एमिनेंस और 12 विद्यार्थियों ने जेईई परीक्षा क्वालीफाई की।
खेलों में स्कूल की अलग पहचान
विजय कपूर के नेतृत्व में स्कूल ने शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी विद्यार्थियों के विकास का अहम हिस्सा बनाया। पांच वर्षों के आंकड़ों के अनुसार 424 विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय खेलों में भाग लिया और 313 राज्य स्तरीय पदक हासिल किए। इसी तरह 99 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर भाग लिया और 17 राष्ट्रीय पदक प्राप्त किए। स्कूल में बास्केटबॉल, फुटबॉल, हॉकी, क्रिकेट, हैंडबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, लॉन टेनिस, बॉक्सिंग, योग, तीरंदाजी, शतरंज आदि विभिन्न खेलों को प्रोत्साहित किया गया। रिपोर्ट में दर्ज खेल मैदानों का कुल क्षेत्रफल 1,15,944.25 वर्ग मीटर दर्ज किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने दी बधाई
प्रिंसिपल विजय कपूर को स्टेट अवार्ड मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी पटियाला शालू मेहरा, उप जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. रविन्द्र पाल शर्मा और उप जिला शिक्षा अधिकारी मनविंदर कौर भुल्लर ने विशेष रूप से बधाई दी है। उन्होंने कहा कि जिले के अन्य प्रिंसिपल, मुख्य अध्यापक और शिक्षकगण को भी इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रिंसिपल विजय कपूर ने जिला पटियाला का नाम रोशन किया है।