पराली को लगाई आग तुरंत बुझवाई, किसानों और क्लस्टर अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू
उपायुक्त और एसएसपी ने धनौला, भैणी जस्सा, कालेके और काहनेके का किया दौरा
मंडी धनौला, सच कहूँ/लाली धनौला। Dhanaula News: जिला प्रशासन बरनाला की ओर से धान की पराली जलाने से रोकने के लिए किसानों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही पराली जलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जा रही है। उपायुक्त बरनाला हरप्रीत सिंह और एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम ने सोमवार दोपहर बाद धनौला, भैणी जस्सा, कालेके और काहनेके के खेतों का दौरा किया। इस दौरान कुछ स्थानों पर पराली जलाने के मामले सामने आए। अधिकारियों ने मौके पर ही आग बुझवाई। इसके साथ ही संबंधित किसानों के राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री करने, जुर्माना लगाने और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। वहीं, संबंधित क्लस्टर अधिकारियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
उपायुक्त ने कहा कि क्लस्टर और नोडल अधिकारियों सहित फील्ड टीमों की ओर से किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि पराली जलाने के मामले सामने आते हैं, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि जिले में पराली जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके बावजूद पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिले में पराली जलाने के मामलों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने आगामी दिनों में फील्ड टीमों को पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश भी दिए।
Comments