माजरा बंधुओं ने थामा कमल का फूल, दोनों विधान सभा क्षेत्रों में बढ़ी भाजपा की राजनीतिक सक्रियता

समाना हलके में चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने बोर्ड लगाकर खोला भाजपा का कार्यालय 

Published On

पटियाला सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर। Patiala News: पटियाला जिले के माजरा बंधुओं ने सोमवार को अपने हाथों में कमल का फूल थाम लिया। उन्होंने एक दिन पहले ही झाड़ू को अलविदा कह दिया था। विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से जिले में भाजपा की राजनीतिक गतिविधियों को नया विस्तार मिला है। खास बात यह है कि माजरा बंधुओं के आम आदमी पार्टी छोड़ने के बाद उनके कई समर्थकों ने भी आप से दूरी बना ली है। यहाँ तक कि समाना में विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा के नाम का बोर्ड लगाकर भारतीय जनता पार्टी का कार्यालय भी खोल दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि सनौर और समाना दोनों पड़ोसी विधानसभा क्षेत्र हैं। दोनों विधायकों चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा ने एक ही समय में आम आदमी पार्टी को अलविदा कहकर पार्टी पर कई आरोप लगाए थे। गौरतलब है कि पहले आप सरकार में इन दोनों विधायकों का काफी प्रभाव था। पठानमाजरा को हलके में पानी से प्रभावित क्षेत्रों का मुद्दा उठाने के बाद राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा था और आप की ओर से यहाँ रणजोध सिंह हडाना को हलका इंचार्ज नियुक्त कर दिया गया था। वहीं, जौड़ामाजरा के मुकाबले पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा को मैदान में उतार दिया गया था। इसके बाद दोनों विधानसभा क्षेत्रों में माजरा बंधुओं ने राजनीतिक गतिविधियों से दूरी बना ली थी। आज दिल्ली में दोनों विधायकों के भाजपा में शामिल होने के बाद विधानसभा क्षेत्रों में नए राजनीतिक समीकरण बनने शुरू हो गए हैं। 

समाना में विधायक चेतन जौड़ामाजरा के नाम और कमल के फूल वाले लगे बोर्ड 

जानकारी के अनुसार, समाना में विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा के नाम और कमल के फूल वाले बोर्ड लगाए जा चुके हैं। इन बोर्डों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व सांसद परनीत कौर, जयइन्द्र कौर सहित अन्य स्थानीय नेताओं की तस्वीरें भी लगाई गई हैं। यहां तक कि बोर्ड लगाकर भाजपा का कार्यालय भी खोल दिया गया है। सनौर और समाना विधानसभा क्षेत्रों में दोनों विधायकों के भाजपा में शामिल होने से पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई है। इसे आम आदमी पार्टी के लिए एक राजनीतिक झटके के रूप में देखा जा रहा है। सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा 49 हजार से अधिक वोटों से विजयी हुए थे, जबकि समाना से चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने 39 हजार से अधिक वोटों से जीत हासिल की थी।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts