Rajasthan Weather News: पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले दिनों में बनी रहेगी आंधी-बारिश की संभावना
हनुमानगढ़ में मौसम ने ली करवट, हल्की से मध्यम बारिश से गर्मी से मिली राहत
हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को जिले में मौसम में बदलाव देखने को मिला। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हनुमानगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है। बारिश के दौरान तेज हवाएं भी चलीं, जिसके चलते अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई स्थानों पर मेघ गर्जना के साथ हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ। Rajasthan Weather News
कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने से मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो दिनों तक उत्तर-पश्चिम राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ धूल भरी आंधी और कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। उन्होंने बताया कि मौजूदा मौसम सिस्टम पूरी तरह मजबूत नहीं है, लेकिन फिर भी कुछ क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर नुकसान की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
इसके अलावा अगले दो दिनों के बाद एक बार फिर आंधी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। वहीं 17 से 20 मई के बीच एक और मौसमीय विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही मई के अंत में भी एक मध्यम दर्जे का मौसम सिस्टम प्रभावित कर सकता है। कुल मिलाकर इस पूरे महीने में उत्तर-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है, जिससे मौसम बार-बार बदलता रहेगा। Rajasthan Weather News