Hanumangarh News: कार बेचने का झांसा देकर वाहन हड़पने का आरोप

दलाल पर आर्टिगा कार, आरसी और दस्तावेज लेकर गायब होने का लगाया आरोप

Published On

हनुमानगढ़। वाहन बेचने के नाम पर कार और उसके दस्तावेज हड़पने का मामला सामने आया है। अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय के आदेश पर टाउन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गांव नूरपुरा, चक 4 एमओडी निवासी दीपकराम (22) पुत्र सहीराम सांसी ने न्यायालय में इस्तगासा पेश कर बताया कि उसके नाम से एक आर्टिगा कार पंजीकृत है, जिसे उसने फाइनेंस पर खरीदा था। Hanumangarh News

इस्तगासे में आरोप लगाया गया कि 13 दिसंबर 2024 को सुंदर नायक निवासी दलापुरकेरी, श्रीगंगानगर ने उसे फोन कर कहा कि उसके पास वाहन खरीदने वाला ग्राहक है और वह कार की अच्छी कीमत दिलवा देगा। उसी दिन शाम करीब 5 बजे आरोपी उसके घर पहुंचा और बातचीत के दौरान उसे विश्वास में लेकर कार, उसकी आरसी, अन्य दस्तावेज तथा 500 रुपए के खाली स्टाम्प पर हस्ताक्षर करवाकर अपने साथ ले गया।

परिवादी का आरोप है कि आरोपी ने सौदा होने के बाद पैसे देने और वाहन संबंधी प्रक्रिया पूरी करने का भरोसा दिया था, लेकिन इसके बाद वह न तो वाहन वापस लेकर आया और न ही कोई रकम दी। आरोप है कि अब आरोपी फोन उठाना भी बंद कर चुका है। दीपकराम ने आशंका जताई कि आरोपी ने धोखाधड़ी कर वाहन को आगे बेच दिया या खुर्द-बुर्द कर दिया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक कमलजीत सिंह को सौंपी गई है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts