Punjab
लव-मैरिज का झांसा देकर 14.51 लाख की ठगी - कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज
पुलिस ने शुरू की जांच
हनुमानगढ़। एसीजेएम न्यायालय के आदेश पर टाउन पुलिस थाना में ठगी, आपराधिक षड्यंत्र और धमकी का मामला दर्ज किया गया है। यह इस्तगासा कृष्ण पुत्र सुभाष सिंह निवासी वार्ड नम्बर 15, माणक टिब्बी तहसील टिब्बी की ओर से प्रस्तुत किया गया था। पुलिस के अनुसार, मामले में गौरव पुत्र प्रदीप निवासी वार्ड नम्बर 6 सूरतगढ़ जिला श्रीगंगानगर, सन्नी निवासी सूरतगढ़ तथा सुमन पत्नी गौरव निवासी कोहला सहित अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। Hanumangarh News
प्रार्थी के अनुसार, आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से स्वयं को रिश्तेदार और समान समाज का बताकर विश्वास में लिया और विवाह का झांसा दिया। वर्ष 2025 में टाउन धान मंडी में संपर्क के दौरान गौरव ने स्वयं को राजपूत समाज का बताते हुए सूरतगढ़ में व्यवसाय करने और हनुमानगढ़ में निवास करने की बात कही। इसके बाद 15 नवंबर 2025 को टाउन के पार्क में मुलाकात करवाई गई, जहां सुमन से परिचय कराया गया और विवाह की सहमति दिलवाई गई। आरोप है कि इसी दौरान बिचौलिए सन्नी ने सोने की अंगूठी की मांग की और विवाह तय कराने में भूमिका निभाई।
इस्तगासे के अनुसार, 1 दिसम्बर 2025 को विवाह की तैयारी और कपड़ों आदि के नाम पर 2 लाख रुपए लिए गए। इसके बाद 11 दिसम्बर 2025 को कोहला गांव में सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह सम्पन्न कराया गया। विवाह में प्रार्थी की ओर से करीब 5 तोला सोना (मंगलसूत्र, अंगूठी, अन्य आभूषण), लगभग 20 तोला चांदी के आभूषण, 21 हजार रुपए नकद, अन्य कपड़े व सामान दिए जाने का आरोप है। प्रार्थी का आरोप है कि विवाह के बाद सुमन बार-बार पीहर जाती रही और दाम्पत्य जीवन स्थापित नहीं किया गया। 30 जनवरी 2026 को वह गौरव के साथ सूरतगढ़ चली गई। Hanumangarh News
इसी दौरान आरोप है कि घर में रखी गई विभिन्न रकम, जिसमें करीब 6 लाख 43 हजार रुपए नकद शामिल हैं, तथा सोने-चांदी के आभूषण मिलाकर कुल लगभग 14 लाख 51 हजार 350 रुपए की संपत्ति कथित रूप से हड़प ली गई। प्रार्थी ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उसने आपत्ति जताई तो गौरव की ओर से जान से मारने की धमकी दी गई तथा झूठे दहेज या दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की चेतावनी दी गई।
न्यायालय के आदेश के बाद टाउन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक सत्यनारायण को सौंपी गई है। पुलिस अब चैट रिकॉर्ड, गवाहों के बयान, बैंकिंग लेन-देन और विवाह संबंधी दस्तावेजों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मजदूरी के 63 हजार रुपए व घरेलू सामान हड़पने का आरोप
हनुमानगढ़। मजदूरी भुगतान न करने, आपराधिक षड्यंत्र और घरेलू सामान गायब करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में एसीजेएम न्यायालय के आदेश पर टाउन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार सुनीता (36) पत्नी सुभाष मेघवाल निवासी 1 केएनजे, नजदीक सरकारी स्कूल, जंक्शन की ओर से इस्तगासा प्रस्तुत किया गया था। सुनीता के अनुसार, वर्ष 2024 में वह और उसके पति सुभाष ने प्रिंस ईंट उद्योग पर मजदूरी का कार्य शुरू किया था, जहां आरोपी बाबूलाल कुम्हार ने स्वयं को जमादार बताते हुए उन्हें ईंट भराई का काम दिलाया और मजदूरी तय की।
आरोप है कि पति-पत्नी से क्रमश: 12 हजार रुपए और 7 हजार रुपए मासिक मजदूरी तय की गई थी। इस्तगासे के अनुसार, करीब 7 महीने तक कार्य करने के बाद कुल मजदूरी 1 लाख 33 हजार रुपए बनती थी, जिसमें से केवल 70 हजार रुपए ही खर्च के रूप में दिए गए, जबकि 63 हजार रुपए बकाया रह गए। सुनीता का आरोप है कि जुलाई 2025 में मजदूरी मांगने पर आरोपी ने भुगतान टालमटोल करते हुए 15 दिन बाद आने को कहा। बाद में कई बार मांग करने पर भी भुगतान नहीं किया गया।
कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज
इसी दौरान सुनीता ने आरोप लगाया कि ईंट भट्ठे पर रखे उसके घरेलू सामान जिसमें चारपाई, बिस्तर, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, बर्तन, कूलर, अटैची, कपड़े तथा सोने-चांदी के आभूषण शामिल थे, गायब कर दिए गए। जब इस संबंध में पूछताछ की गई तो आरोपी ने न केवल भुगतान से इनकार किया बल्कि दुर्व्यवहार करते हुए सामान वापस करने से भी मना कर दिया।
सुनीता ने यह भी बताया कि 19 जनवरी 2026 को विधिक नोटिस भेजा गया, जिसका कोई जवाब नहीं दिया गया और न ही मजदूरी या सामान लौटाया गया। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक राजाराम स्वामी को सौंपी गई है। पुलिस अब मजदूरी रिकॉर्ड, गवाहों के बयान और घटनास्थल की जांच कर रही है। Hanumangarh News