Punjab
किशोरी का शव नहर में मिलने के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग तेज
छह दिन बाद भी आरोपी का सुराग नहीं लगने पर समाज में रोष, जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। जंक्शन थाना क्षेत्र से लापता 16 वर्षीय किशोरी का शव संदिग्धावस्था में नहर में मिलने के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से अरोड़वंश समाज में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को श्री अरोड़वंश सभा जंक्शन एवं टाउन के नेतृत्व में समाज के लोगों ने जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया तथा ज्ञापन सौंपकर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई। Hanumangarh News
समाज के नागरिकों ने बताया कि जंक्शन निवासी 16 वर्षीय बालिका का शव 13 मई को श्रीगंगानगर जिले के घमूड़वाली थाना क्षेत्र में गंगनहर में मिला था। आरोप लगाया गया कि किशोरी की हत्या कर उसके हाथ बांधकर शव नहर में फेंका गया। समाज ने इस जघन्य घटना के लिए गौरव सोनी निवासी श्रीगंगानगर व उसके सहयोगियों को जिम्मेदार बताते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
अरोड़वंश समाज ने ज्ञापन में कहा कि घटना के छह दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना चिंताजनक है, जिससे मृतका के परिजनों, रिश्तेदारों और पूरे समाज में भारी रोष व्याप्त है। समाज प्रतिनिधियों ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मामले की व्यक्तिगत मॉनिटरिंग कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। Hanumangarh News
साथ ही चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर समाज प्रदर्शन और आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। इस दौरान समाज के लोगों ने कहा कि आयुषी को न्याय दिलाने के लिए अरोड़वंश समाज एकजुट है और दोषियों की गिरफ्तारी तक संघर्ष जारी रहेगा। उधर, मामले में पुलिस जांच कई पहलुओं पर जारी है। जानकारी के अनुसार, युवक के परिजनों ने श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई है। पुलिस युवक के नहर में गिरने की संभावना सहित अन्य एंगल पर भी जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में नहर क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज में युवक और किशोरी साथ दिखाई दिए हैं। इस मौके पर श्री अरोड़वंश सभा जंक्शन के अध्यक्ष खैरातीलाल मदान, टाउन अध्यक्ष रामलुभाया तिन्ना, डॉ. बीके चावला, डॉ. निशांत बतरा, मनोज बिनोचा, राकेश मेहंदीरत्ता, भवनेश ग्रोवर, सुरेश धमीजा, अशोक नारंग, मदन बाघला, एडवोकेट गणेश गिल्होत्रा, नवीन मिड्ढा, जगदीश, सुभाष, अजय सुखीजा, विकास, यश चिलाना सहित समाज के कई नागरिक मौजूद रहे। Hanumangarh News
About The Author