गौमाता के गोबर से बनेगा जैविक राजस्थान, 4 हजार गौशालाएं और 10 हजार पंचायतें लेंगी संकल्प

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को साकार करने के लिए चलेगा प्रदेशव्यापी जनआंदोलन, धरती माता को रासायनिक कीटनाशकों से मुक्त करने की मुहिम

Published On

जयपुर, सच कहूँ न्यूज़। Jaipur News: गौमाता के गोबर, भारत सरकार की प्राकृतिक कृषि योजनाओं और पंचायती राज संस्थाओं की सहभागिता से राजस्थान को जैविक प्रदेश बनाने की व्यापक मुहिम शुरू की जाएगी। शनिवार को आयोजित ऑर्गेनिक फार्मर प्रोड्यूसर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (OFPAI) की राष्ट्रीय स्तरीय बैठक में प्रदेश की लगभग 4 हजार गौशालाओं और 10 हजार ग्राम पंचायतों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प पारित किया गया।

एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अतुल गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्राकृतिक कृषि एवं आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार करने के लिए गौमाता के गोबर को कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार बनाया जाएगा। भारत सरकार के राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन, गोबरधन योजना एवं परंपरागत कृषि विकास योजना से किसानों और गौशालाओं को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान के तहत नवनिर्वाचित सरपंचों, पंचों, पंचायत समिति सदस्यों, प्रधानों, जिला परिषद सदस्यों एवं जिला प्रमुखों का सहयोग लेकर गांव-गांव, ढाणी-ढाणी तक जनजागृति अभियान चलाया जाएगा। पंचायती राज जनप्रतिनिधियों को जैविक कृषि का नेतृत्वकर्ता बनाकर धरती माता को रासायनिक कीटनाशकों से मुक्त करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

प्रदेश की लगभग 4 हजार गौशालाओं को गोबर आधारित जैविक खाद एवं प्राकृतिक कृषि आदानों के उत्पादन केंद्रों के रूप में विकसित करने की पहल की जाएगी। इससे गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने, देसी गौवंश के संरक्षण, किसानों की उत्पादन लागत कम करने तथा ग्रामीण रोजगार बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

अभियान के संचालन के लिए डॉ. अतुल गुप्ता के निर्देशन में 12 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। आगामी 12 महीनों में 10 हजार ग्राम पंचायतों से राजस्थान को जैविक प्रदेश घोषित करने के समर्थन में प्रस्ताव पारित करवाकर राज्य सरकार के समक्ष प्रस्तुत करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान को जनआंदोलन बनाने के लिए प्रत्येक जिले एवं तहसील में मीडिया और सोशल मीडिया टीमों के गठन के निर्देश भी दिए गए हैं।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि गौमाता का संरक्षण और धरती माता का संवर्धन एक-दूसरे के पूरक हैं। गौशालाओं, किसानों, पंचायती राज संस्थाओं, कृषि वैज्ञानिकों, किसान उत्पादक संगठनों एवं सरकारी विभागों के सहयोग से राजस्थान को जैविक एवं प्राकृतिक कृषि का राष्ट्रीय मॉडल बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

गौमाता का गोबर बनेगा किसान की समृद्धि का आधार, विषमुक्त धरती और स्वस्थ भारत के निर्माण में राजस्थान बनेगा अग्रदूत।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts