E-Tram: गाजियाबाद की आठ सड़कों पर दौड़ेगी ई-ट्राम
240 यात्रियों की होगी क्षमता, 28 स्टेशन बनेंगे; 920 करोड़ रुपये की आएगी लागत
गाजियाबाद, सच कहूँ/रविन्द्र सिंह। Ghaziabad News: हॉट सिटी में शुमार शहर गाजियाबाद में सार्वजनिक यातायात बढ़ने के साथ साथ रफ्तार तेज होगी और प्रदूषण पर भी लगाम लग सकेगी। आमजन को आधुनिक और बेहतर सुविधा मिल सकेगी। नमो भारत ट्रेन के बाद अब गाजियाबाद के अंदरूनी इलाकों में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने की दिशा में एक नई पहल की तैयारी है। शहर में कोलकाता की तर्ज पर इलेक्ट्रिक रैपिड ट्रांजिट (ई-आरटी) यानी ई-ट्राम चलाने की योजना बनाई गई है। स्विट्जरलैंड की कंपनी हेस एजी और भारतीय संस्था आईआईडीआरआई ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) को इसका प्रस्ताव दिया है। योजना के तहत शहर की आठ प्रमुख सड़कों पर करीब 24.06 किलोमीटर लंबे नेटवर्क में चार रूटों पर ई-ट्राम संचालित की जाएंगी।
प्रस्तावित ई-ट्राम की लंबाई 24.7 मीटर होगी और इसमें एक बार में करीब 240 यात्री सफर कर सकेंगे। पूरे नेटवर्क पर 28 स्टेशन बनाए जाने का प्रस्ताव है। इसके लिए कुल 22 ट्राम का बेड़ा तैयार होगा, जिनमें 20 नियमित रूप से चलेंगी और दो रिजर्व में रहेंगी। ई-ट्राम की अधिकतम गति 90 किलोमीटर प्रति घंटा और औसत गति 22 किलोमीटर प्रति घंटा प्रस्तावित है। इसका संचालन सुबह सात बजे से रात दस बजे तक किया जाएगा।
चार रूटों पर होगा संचालन
योजना के अनुसार ईस्टर्न रिंग, सेंट्रल, क्रॉस-टाउन और वेस्टर्न स्पर नाम से चार लाइनें विकसित की जाएंगी। इनके दायरे में आउटर रिंग, ए-6, बी-2, हम-तुम, एनपीआर, ए-7, बंधा और स्टेडियम रोड शामिल हैं। ट्राम के लिए सड़क किनारे उपलब्ध 5.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड अथवा सड़क के एक हिस्से को डेडिकेटेड लेन के रूप में सुरक्षित किया जाएगा। चौराहों पर भी इसे सिग्नल में प्राथमिकता देने की व्यवस्था प्रस्तावित है, जिससे ट्रैफिक जाम का असर कम पड़े।
बिना पटरी और बिजली के तारों के चलेगी
इस परियोजना की खास बात यह है कि ई-ट्राम के संचालन के लिए न तो रेल की पटरियां बिछाने की जरूरत होगी और न ही सड़कों के ऊपर बिजली के तारों का जाल फैलाना पड़ेगा। ट्राम में आधुनिक बैटरी आधारित चार्जिंग व्यवस्था होगी। सफर के दौरान चुनिंदा स्टेशनों पर महज 20 सेकंड में फ्लैश चार्जिंग की जाएगी, जबकि अंतिम स्टेशन पर छह मिनट के ठहराव के दौरान बैटरी को पूरी तरह चार्ज किया जाएगा।
920 करोड़ रुपये की परियोजना
पूरे नेटवर्क पर करीब 920 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसकी लागत लगभग 38 करोड़ रुपये प्रति किलोमीटर बताई गई है। परियोजना को हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (एचएएम) पर विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके तहत शुरुआती निवेश स्विस कंपनी और उसके सहयोगी करेंगे। ट्राम के संचालन और रखरखाव के लिए दो से तीन एकड़ जमीन पर डिपो विकसित किया जाएगा।
18 महीने में शुरू हो सकता है पहला चरण
प्रस्ताव के अनुसार एमओयू होने और पहले चरण को मंजूरी मिलने के बाद करीब 18 महीने में 16.06 किलोमीटर का पहला चरण शुरू किया जा सकता है। पूरे नेटवर्क को तैयार करने में लगभग 24 महीने लगने का अनुमान है। इस प्रस्ताव को 16 दिसंबर को होने वाली जीडीए बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद एमओयू की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के अनुसार, प्रस्ताव को बोर्ड के समक्ष रखा जाएगा और स्वीकृति मिलने के बाद जल्द से जल्द परियोजना पर काम शुरू कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
नमो भारत, मेट्रो और बस अड्डों से जुड़ेगा नेटवर्क
ई-ट्राम शुरू होने से शहरवासियों को ऑटो, ई-रिक्शा और निजी वाहनों की भीड़ से राहत मिलने की उम्मीद है। प्रत्येक 10 से 12 मिनट में ट्राम उपलब्ध कराने की योजना है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर यह अंतराल घटाकर तीन से पांच मिनट किया जा सकेगा। पूरी तरह वातानुकूलित और बैटरी से संचालित यह ट्राम प्रदूषण कम करने में भी मददगार होगी।
स्टेशनों के प्लेटफॉर्म और ट्राम का फर्श एक ही स्तर पर रखने का प्रस्ताव है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों को चढ़ने-उतरने में आसानी होगी। इसके अलावा ई-ट्राम नेटवर्क को नमो भारत ट्रेन, मेट्रो और बस अड्डों से जोड़ने की योजना है। इससे हरनंदीपुरम जैसी नई विकसित होने वाली आवासीय बस्तियों को भी बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
Comments