शिक्षा और रोजगार
Drugs Smuggler Arrested: 30 लाख रुपए के चिट्टे के साथ पंजाब का तस्कर गिरफ्तार
147 ग्राम हेरोइन बरामद, तस्करी में प्रयुक्त कार जब्त
हनुमानगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टाउन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के एक तस्कर को करीब 30 लाख रुपए मूल्य के 147 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार भी जब्त की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी गई है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशानुसार नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टाउन थाना की उपनिरीक्षक ज्योति के नेतृत्व में पुलिस टीम सोमवार देर शाम गश्त पर थी। इसी दौरान टीम रोही 14 एसएसडब्ल्यू, कोहला स्थित भारतमाला रोड के पुराने कट के पास कच्चे रास्ते पर पहुंची, जहां एक संदिग्ध कार को रुकवाकर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार सवार सोनी (40) पुत्र सिधी निवासी नानकसर बस्ती पीएस सिटी-2, बरनाला, पंजाब के कब्जे से 147 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त कार जब्त कर ली। पुलिस के अनुसार बरामद चिट्टे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपए है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जंक्शन थाना के उपनिरीक्षक गजेन्द्र शर्मा को सौंपी गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह चिट्टा कहां से लेकर आया था, इसकी सप्लाई किसे की जानी थी और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है। Hanumangarh News