शिक्षा और रोजगार
Valmiki Jayanti 2026: भगवान वाल्मीकि के प्रकट दिवस पर मानवता और सामाजिक समरसता का दिया संदेश
मानवता के पथ प्रदर्शक भगवान वाल्मीकि के प्रकट दिवस पर निकली शोभायात्रा
हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। आदिकवि, महर्षि, समाज सुधारक एवं मानवता के पथ प्रदर्शक भगवान वाल्मीकि के प्रकट दिवस पर सोमवार को भगवान वाल्मीकि धर्मशाला कमेटी की ओर से जंक्शन के वार्ड 16 स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर-धर्मशाला परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर भगवान वाल्मीकि को नमन कर उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के तहत शहर में शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में नगर परिषद सभापति मंजू रणवां, उपसभापति सोनू बंसल, वार्ड पार्षद नगीना बाई और गुरदीप सिंह बराड़ ने अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस दौरान भगवान वाल्मीकि के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज में आपसी भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया गया। शोभायात्रा भगवान वाल्मीकि मंदिर-धर्मशाला से शुरू हुई। यहां से शोभायात्रा वाल्मीकि चौक, धानमंडी और सेक्टर नंबर 12 होते हुए मुख्य बाजार से गुजरी। शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शोभायात्रा पुन: वाल्मीकि धर्मशाला पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। शोभायात्रा के माध्यम से भगवान वाल्मीकि के आदर्शों, मानवता, सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश दिया गया।
भगवान वाल्मीकि धर्मशाला कमेटी के अध्यक्ष विनोद अठवाल व विक्रम अठवाल ने कहा कि भगवान वाल्मीकि को आदिकवि के रूप में जाना जाता है। उनकी ओर से रचित रामायण भारतीय संस्कृति और साहित्य की महत्वपूर्ण धरोहर है। उनके जीवन और शिक्षाओं से सत्य, नैतिकता, कर्तव्यनिष्ठा तथा आदर्श जीवन की प्रेरणा मिलती है। उनके प्रकट दिवस पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम समाज को उनके विचारों से जोड़ने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Comments