खुशगवार मौसम के बीच भूमि पूजन का बेसब्री से इंतजार

Published On

अयोध्या। पांच सदियों के लंबे इंतजार के बाद देश दुनिया के करोड़ों रामभक्तों का अयोध्या मेे भव्य मंदिर निर्माण शुरू होने का सपना बुधवार को पूरा होने वाला है जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी श्रीरामजन्मभूमि परिसर में भूमि पूजन करेंगे।मोदी राम की नगरी में खुशगवार मौसम के बीच साढ़े 11 बजे पधारेंगे और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन के साथ मंदिर की आधारशिला रखेंगे। भक्ति और उल्लास से सराबोर अयोध्या में उत्सव का माहौल है। शुभ के प्रतीक पीले रंग में रंगी अयोध्या के हर मकान की छत पर भगवा लहरा रहा है।

फूलों की भीनी भीनी खुशबू वातावरण में भक्ति की मिठास घोल रही है। अयोध्या में सुबह तेज बारिश हुयी है और सुबह नौ बजे तक आसमान में बादल छाये रहे लेकिन इंद्रदेव भगवान राम के भव्य मंदिर के भूमि पूजन का कार्यक्रम निर्विघ्न सम्पन्न कराने के लिये खुद को मर्यादा में रखा है जिसके चलते यहां सूर्यदेव के दर्शन सुलभ हो चुके हैं। नगर मे सुरक्षा की दृष्टि से कार्यक्रम सम्पन्न होने तक बाहरी लोगों का प्रवेश निषेध कर दिया गया है। नगर के मंदिरों में अखंंड पाठ चल रहा है। हर एक को बस रामलला के भव्य मंदिर के भूमि पूजन का इंतजार है।

प्रतिकूल मौसम से पार पाने के लिये जिला प्रशासन ने तमाम इंतजाम किये हैं। वर्षा से बचने के लिये समूचे कार्यक्रम स्थल को वाटर प्रूफ टेंट से ढका गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की जोरदार तैयारियों के बीच यहां पर कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के भी उपाय किये गये हैं। मोदी सुबह 1130 बजे अयोध्या के साकेत डिग्री कालेज मैदान पर बने अस्थायी हैलीपैड पर उतरेंगे जहां से वह सबसे पहले हनुमान गढ़ी जाएंगे। इसी कारण हनुमान गढ़ी मंदिर में सैनिटाइजेशन किया गया है।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts