सब्जी मंण्डी में हुए अग्निकांड पीड़ितों से मिले पूर्व पर्यटन मंत्री, दिया भरोसा
शिकोहाबाद । नगर के कटरा बाजार स्थित सब्जी मण्डी में कुछ दिनों पहले हुए भीषण अग्निकांड के बाद राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों का पीड़ित दुकानदारों से मिलने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में आज शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार में रहे पूर्व पर्यटन मंत्री अशोक यादव ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित व्यापारियों से मुलाकात की और उनके दुःख दर्द को गंभीरता से सुना। पूर्व पर्यटन व राजस्व मंत्री अशोक यादव ने आग से प्रभावित दुकानदारों की दुकानों को भी मौके पर जाकर देखा, जहां अभी भी नुकसान के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। पीड़ितों ने उन्हें बताया कि आग की इस घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया था, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। पूर्व मंत्री व राष्ट्रीय लोकदल के नेता अशोक यादव ने पीड़ितों को आश्वासन देते हुए कहा कि वह इस मामले को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाएंगे और हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी आपदा की घड़ी में पीड़ितों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और सरकार से उचित मुआवजा दिलाने की पूरी कोशिश की जाएगी। इस दौरान उन्होंने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते उचित व्यवस्था होती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। पीड़ित दुकानदारों ने जल्द से जल्द आर्थिक सहायता की मांग की।