जनता इंटर कॉलेज भोपा में बहादुर बच्चों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित
थाना प्रभारी श्री आशुतोष कुमार ने बच्चों को प्रमाण-पत्र व मेडल देकर किया सम्मानित
भोपा (सच कहूँ न्यूज़)। जनता इंटर कॉलेज भोपा में बहादुर बच्चों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी श्री आशुतोष कुमार जी ने बच्चों को प्रमाण-पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया और उनकी बहादुरी की प्रशंसा की।
जनता इंटर कॉलेज भोपा के स्टार एलुमनी सम्मान बोर्ड के नवनिर्माण में उत्कृष्ट कार्य करके बहादुरी का परिचय देने वाले विद्यालय के छात्रों के सम्मान कार्यक्रम में आयोजित बतौर मुख्य अतिथि थाना प्रभारी श्री आशुतोष कुमार जी ने कहा कि छात्र ही देश का सुनहेरा भविष्य होते हैं।आधुनिक भारत का निर्माण उन्हीं के हाथों में है। विद्यालय में जैसा परिवेश बच्चों को दिया जाता है और जैसे संस्कार परिवार से मिलते हैं उन्हीं के द्वारा बच्चों का भविष्य निर्धारित होता है और वें देश के श्रेष्ठ नागरिक बनते हैं। उन्होंने छात्रों का आह्वान करते हुए कहा कि छात्र पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ किसी भी खेल को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाएं।
माता-पिता, गुरूजनों व बड़ों का सम्मान करें। विद्यालय नियमों और अनुशासन का पालन करें। दुर्व्यसन से दूर रहें। आपराधिक कृत्यों में लिप्त न रहें। अच्छा आचरण करें और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। निश्चित रूप से सफलता आपके कदम चूमेगी। उन्होंने छात्रों को मिशन शक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, पुलिस सहायता आदि के बारे में भी जानकारी दी। इससे पूर्व थाना प्रभारी महोदय को पटका पहनाकर व बेंज लगाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यालय प्रांगण में स्थापित तीन सदी के युगदृष्टा शिक्षा ऋषि श्री श्री 1008 वीतराग स्वामी कल्याण देव जी महाराज व देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौ चरण सिंह जी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।
कार्यक्रम संयोजक जूनियर एनसीसी प्रभारी चीफ ऑफिसर रमन सिंह जी ने कहा कि कस्बा भोपा में गंग नहर की पटरी पर देश व प्रदेश के विभिन्न सुरक्षा बलों में तैनात विद्यालय के पुरातन छात्रों के सम्मान में स्टार एलुमिनी सम्मान बोर्ड लगाया हुआ है।विगत दिनों मौसम खराब होने और तेज हवाओं के कारण सम्मान बोर्ड को काफी नुकसान हुआ था। स्टार एलुमिनी ग्रुप से जुड़े सुरक्षा बलों के जवानों के आर्थिक सहयोग से निर्मित सम्मान बोर्ड के नवनिर्माण का कार्य चल रहा था।
विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे तीन छात्रों कृष्णा शर्मा, लक्ष्य और श्याम शर्मा ने सम्मान बोर्ड के नवनिर्मित सीमेंटिड पीलरों में स्वेच्छा से जलापूर्ति कर बहादुरी का परिचय दिया और होनहार छात्रों ने विद्यालय का नाम क्षेत्र में रोशन किया। सोशल मीडिया पर छात्रों के उत्कृष्ट कार्य की विडियो वायरल होने पर उनकी पहचान की गई और स्टार एलुमनी ग्रुप से जुड़े सुरक्षा बलों के जवानों ने छात्रों को सम्मानित करने का निर्णय लिया। तीनों छात्रों को विद्यालय प्रांगण में आयोजित भव्य सम्मान समारोह कार्यक्रम में प्रमाण-पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया गया। तालियों की गड़गड़ाहट से सभी छात्रों ने उनका उत्साह वर्धन किया और उनके कार्यों से प्रेरणा ली।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए विद्यालय के सीनियर एनसीसी प्रभारी मेजर अरविंद कुमार ने कहा कि हमें अपने सभी पुरातन छात्रों, एनसीसी कैडेट्स और विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे सभी छात्रों पर गर्व है। हम सबको विद्यालय के इन छात्रों के कार्यों का अनुसरण करना चाहिए और सदैव समाज हित के काम करने में तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में नाम रोशन करने वाले विद्यालय के छात्रों को भविष्य में भी इसी प्रकार सम्मानित किया जाता रहेगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य आदरणीय श्री संजय कुमार जी ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थाना प्रभारी श्री आशुतोष कुमार जी का आभार व्यक्त किया और विद्यालय की बाह्य व्यवस्था में सहयोग की अपील की। उन्होंने विद्यालय के पुरातन छात्रों के समाज हित व देशहित में में किए जा रहे कार्यों की सराहना की और पुरातन छात्रों से समय-समय पर विद्यालय में आकर शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों का उत्साह वर्धन एवं मार्गदर्शन करने और विद्यालय हित में सुझाव देने की अपेक्षा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ शिक्षक श्री संजीव कुमार राठी जी ने स्टार एलुमिनी सम्मान बोर्ड को गर्व का प्रतीक बताया और देश की आन, बान, शान के लिए देशहित में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के पुरातन छात्र विभिन्न सुरक्षा बलों में भर्ती होकर राष्ट्रीय पटल पर देश का नाम रोशन कर रहें हैं।उन्होंने विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों को सुरक्षा बलों में जाने के लिए भी प्रेरित किया।इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
