भोपा थाना क्षेत्र के गांव नंगला बुजुर्ग की घटना, खेत में दवाई का छिड़काव करते समय हुआ हादसा
खेत में दवाई का छिड़काव करते समय करंट लगने से युवक की मौत
भोपा (सच कहूँ न्यूज़)। Bhopa News: थाना क्षेत्र के गांव नंगला बुजुर्ग में बुधवार दोपहर खेत में दवाई का छिड़काव करने गए एक युवक की बिजली का करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव नंगला बुजुर्ग निवासी मुंतासिम पुत्र नसीम (20 वर्ष) बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अपने खेत में फसल पर दवाई का छिड़काव करने गया था। इसी दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा तो परिजन खेत पर पहुंचे, जहां वह अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसे तत्काल उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर थाना भोपा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।