Punjab
कैराना में वकीलों ने लगाए यूपी पुलिस मुर्दाबाद के नारे, सौंपा ज्ञापन
लखनऊ में अधिवक्ताओं के चैंबर तोड़े जाने से आक्रोशित दिखे कैराना के एडवोकेट्स
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana: लखनऊ में अधिवक्ताओं के चैंबर तोड़े जाने व पुलिस लाठीचार्ज से कैराना के वकीलों में आक्रोश व्याप्त है। अधिवक्ताओं ने तहसील मुख्यालय पर पहुंचकर यूपी पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन-पत्र एसडीएम कैराना को सौंपा है। बुधवार को बार एसोसिएशन कैराना के दर्जनों अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए संगठन के महासचिव सरवेज जंग के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पर पहुंचे।
जहां पर उन्होंने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित ज्ञापन-पत्र एसडीएम कैराना शिवाजी यादव को सौंपा। इससे पूर्व, उन्होंने खूब नारेबाजी की और उत्तर-प्रदेश पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए। ज्ञापन-पत्र में बताया कि लखनऊ में शासन के द्वारा अधिवक्ताओं के चैंबर तोडे जाने एवं विरोध करने पर उनके साथ में मारपीट किये जाने की घटना की बार एसोसिएशन कैराना कडे शब्दों में निन्दा करती है। अधिवक्ताओं के साथ इस प्रकार की घटनाएं निरन्तर बढ़ती जा रही है।
ज्ञापन-पत्र में मांग की गई है कि अधिवक्ताओं के साथ में मारपीट करने वाले दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएं। साथ ही, अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट अविलंब देशभर में लागू किया जाना चाहिए। इस दौरान इंतजार अहमद, खड़कसिंह चौहान, जयपाल कश्यप, नत्थू सिंह, राशिद चौहान, नसीम अहमद, मनीष कौशिक, मेहरबान कुरैशी, अरशद खान, फरमान राव, कुलदीप सिंघल, नायाब सिद्दीकी, कुर्बान अली, नदीम अहमद, अजय शर्मा, अनुज रावल, प्रदीप शर्मा, नफीस अहमद, मेहरबान अली, महेंद्र सिंह, अनुभव स्वामी आदि अधिवक्तागण मौजूद रहे।
2.jpg)