विश्व पर्यावरण दिवस पर ज्ञानस्थली के विद्यार्थियों ने हैदरपुर वेटलैंड में लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

Published On

मीरापुर (सच कहूं/कोमल प्रजापति)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल, मीरापुर के विद्यार्थियों ने हैदरपुर वेटलैंड में वन विभाग द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और प्रकृति के प्रति अपने उत्तरदायित्व को समझने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण विषयक निबंध लेखन एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। निबंध प्रतियोगिता में काजल सुखिजा और यशी गोयल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि भूमिका अरोरा, उन्नति और दीक्षा द्वितीय स्थान पर रहीं। भव्य अरोरा और आनया रस्तोगी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को वन विभाग द्वारा सम्मानित किया गया।

पर्यावरण एवं पक्षी विशेषज्ञ आशीष लोया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “प्रकृति हम सभी को बिना भेदभाव के बहुत कुछ प्रदान करती है। ऐसे में हमारा कर्तव्य है कि हम उसके संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं और जैव विविधता को संरक्षित रखें।”

वन क्षेत्र अधिकारी आरिफ जमाल खान ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा, “हर व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना चाहिए ताकि हम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ और संतुलित पर्यावरण छोड़ सकें।”

कार्यक्रम के अंत में वन विभाग की ओर से सभी विद्यार्थियों को सहजन के पौधे उपहार स्वरूप प्रदान किए गए, ताकि वे घर जाकर भी पर्यावरण सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा सकें। विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कुमार धीमान ने वन विभाग के इस प्रेरक आयोजन की सराहना की और सभी से आग्रह किया कि वे पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनें और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। इस आयोजन को सफल बनाने में जतिन कोहली और बचन कौर का विशेष योगदान सराहनीय रहा।

About The Author

Related Posts