राहुल गांधी के चीनी सीमा विवाद पर ब्यान से सियासी घमासान

Published On

मोदी विरोध के कारण राहुल ‘मोदियाबिंद’ का शिकार

  • क्या राहुल चाहते हैं कि भारत चीन के समक्ष आत्मसमर्पण कर दे: भाजपा

नई दिल्ली। (सच कहूँ न्यूज) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की चीन भारत के सीमा विवाद की तुलना रूस यूक्रेन के विवाद से करने पर आज गहरा रोष जताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी गांधी के बयान के माध्यम से संदेश दे रही है कि भारत को चीन के समक्ष आत्मसमर्पण कर देना चाहिए। भाजपा के प्रवक्ता एवं सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने यहां पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में गांधी के दक्षिण के सिने अभिनेता कमल हासन को दिये साक्षात्कार को लेकर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस के चिर युवा और चिर व्याकुल नेता सदैव क्रोधित एवं सदैव भ्रमित रहते हैं। उन्होंने एक अपने जैसे भ्रमित अभिनेता को साक्षात्कार दिया है जिसे वृहदीश्वर मंदिर बनवाने वाले गंगई राजराजा चोल हिन्दू नजर नहीं आते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मोदी विरोध के मोतियाबिंद यानी ‘मोदियाबिंद’ के शिकार हो गये हैं। भारत जोड़ने जा रहे हैं और भारत के खिलाफ ही विषवमन करने लगे हैं।

यह भी पढ़ें:– Breaking News : सहारनपुर से बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान के यहां पड़ा इनकम टैक्स का छापा

डॉ. त्रिवेदी ने कहा, राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ा यात्रा के दौरान भ्रमण करते करते और भारी भ्रम के शिकार हो गए हैं। वो लगातार भ्रम में पड़ रहे हैं। उन्हें वास्तविक ज्ञान की जरूरत है। लेकिन उन्होंने भारत का भ्रम दूर कर दिया है… चीन पर दिया गया उनका बयान ऐसा इंगित कर रहा है कि भारत चीन के आगे नतमस्तक हो जाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कहा है कि जिस प्रकार से यूक्रेन पश्चिमी देशों के साथ सांठगांठ कर रहा था तो रूस ने उससे नाराज होकर उसका भूगोल बदल दिया है, उसी प्रकार से चीन भी भारत के अमेरिका आदि देशों के करीब जाने से नाराज हो कर भारत का भूगोल बदल रहा है। उन्होंने गांधी से सवाल किया कि तो क्या वह यह चाहते हैं कि भारत को चीन के सामने समर्पण कर देना चाहिए।

राहुल ऐसे मुल्कों का नाम बताएं जो चीन के साथ खड़े हैं?

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि गांधी ने भारतीय सेना की पिटाई होने की बात कह कर सेना का मनोबल गिराने का प्रयास किया और अब 135 करोड़ भारतीयों के मनोबल को गिरा रहे हैं। उन्होंने पूछा, ‘पहले सेना और अब भारतीयों के सम्मान को गिराने का काम राहुल क्यों कर रहे हैं।’ उन्होंने यह भी पूछा कि गांधी दुनिया के ऐसे 4-5 देशों का नाम बता दें जो आज चीन के साथ खड़े हैं जबकि भारत के साथ सारी दुनिया खड़ी है। उन्होंने कहा, राहुल जी, भारत में घूमने से नहीं… भारत को समझने से भारतीयता को समझा जा सकता है।

यही एक मात्र देश है जो प्रागैतिहासिक काल से जीवंत है लेकिन इनकी चार पीढ़ी से ‘डिस्कवरी आॅफ इंडिया’ ही चल रही है। उन्होंने कहा, हम बहुत दुखी एवं आक्रोशित हैं कि राहुल गांधी ने भारत को भारतीयता को गिराने का अक्षम्य अपराध किया है। डॉ. त्रिवेदी ने कहा, कांग्रेस ने राहुल गांधी के माध्यम से देश के सामने अपनी मंशा को साफ कर दिया है कि भारत को ठीक उसी प्रकार चीन के सामने समर्पण कर देना चाहिए जैसा उनकी सरकार के दौरान होता था।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts