Char Dham Yatra update: भारी बारिश ने लगाया चारधाम यात्रा पर ब्रेक, यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट
भूस्खलन के कारण बद्रीनाथ और केदारनाथ मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कें बंद
Char Dham Yatra update: देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही वर्षा और पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय भूस्खलन ने चारधाम यात्रा की रफ्तार थाम दी है। बद्रीनाथ और केदारनाथ मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कें मलबा और चट्टानों के गिरने से प्रभावित हुई हैं, जिसके चलते प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा पर अस्थायी रोक जारी रखी है। Uttarakhand News
बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भानेरपानी क्षेत्र में पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आने के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। इसी प्रकार केदारनाथ हाईवे के मुंकटिया क्षेत्र में भी लगातार चट्टानें गिरने से मार्ग असुरक्षित हो गया है। राहत एवं बचाव दल सड़क को शीघ्र बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रहे हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम में सुधार, मलबा हटाने और सभी मार्गों की तकनीकी सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही चारधाम यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें और केवल प्रशासन की आधिकारिक सूचना के बाद ही यात्रा की योजना बनाएं। Uttarakhand News
जिला प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और संबंधित विभाग लगातार संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रहे हैं। जहां मार्ग आंशिक रूप से प्रभावित हैं, वहां सुरक्षा कर्मियों की देखरेख में यात्रियों की आवाजाही नियंत्रित तरीके से कराई जा रही है। यात्रा नियंत्रण कक्ष से सभी जिलों को समय-समय पर आवश्यक निर्देश भी जारी किए जा रहे हैं।
आपदा प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार, कई पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार वर्षा के कारण भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। इसलिए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी जा रही है।
लगातार प्रतिकूल मौसम का असर इस वर्ष की चारधाम यात्रा पर भी दिखाई दे रहा है। हालांकि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद अब तक 45 लाख से अधिक श्रद्धालु बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन का कहना है कि मौसम अनुकूल होते ही यात्रा को चरणबद्ध तरीके से पुनः शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा। Uttarakhand News