मंत्री आशू की वायरल ऑडियो से कांग्रेस की किरकरी, मनप्रीत के खिलाफ बोल रहे

Minister Ashu sachkahoon

लुधियाना (सच कहूँ न्यूज)। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले गुरुवार को लुधियाना की राजनीति में उस समय घमासान मच गया जब कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु और कच्चे अध्यापक यूनियन के पदाधिकारी के बीच का एक ऑडियो वायरल हो गया। इसमें वित्तमंत्री मनप्रीत बादल के बारे में कुछ बातें कही गई हैं। हालांकि इस ऑडियो को लेकर मंत्री भारत भूषण आशु ने एतराज जताया है।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग इंटरनेट का गलत फायदा उठा रहे है और ऑडियो को एडिट कर इसे गलत ढंग से सोशल मीडिया पर जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय ऐसी हरकतें कर बदनाम करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को भी इस पर सर्तकता बरतनी होगी।

दरअसल सोशल मीडिया के अलग अलग प्लेटफार्म पर गुरुवार को एक ऑडियो वायरल हुआ जिसमें एक तरफ कच्चे अध्यापक यूनियन के पदाधिकारी की आवाज है और दूसरी तरफ मंत्री भारत भूषण आशु की आवाज बताई जा रही है। इस ऑडियो में दोनों तरफ से वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के खिलाफ बातें हुई हैं।

चुनाव आयोग सतर्कता बरतें

जब यह ऑडियो वायरल हुआ तो सियासत गरमा गई। विवाद बढ़ने पर मंत्री आशु ने एतराज जताया और कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर रहे है और ब्लैकमेल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजकल इंटरनेट मीडिया में बिना पुष्टि किए कुछ भी अपलोड कर दिया जाता है। इसी का फायदा कई लोग उठाते हैं। वह राजनीतिक लाभ लेने के लिए इंटरनेट मीडिया का गलत इस्तेमाल करते हैं। यह बेहद चिंताजनक विषय है। इसको लेकर चुनाव आयोग को भी सतर्कता बरतनी चाहिए।

भारत भूषण आशु ने वही कहा, जो जनता की आवाज है: निशांत

मंत्री आशु से बात करने वाले निशांत कुमार भी सामने आए। उन्होंने कहा कि वायरल कॉल रिकॉर्डिंग मेरी ही मंत्री के साथ बातचीत की है। कल उनकी मंत्री से बात हुई थी। उसमें मैंने कहा था कि मनप्रीत ने कांग्रेस का नुकसान करवा देना है। कांग्रेस हारी तो मनप्रीत की वजह से हारेगी। वह खजाने का मुंह नहीं खोल रहे। मंत्री आशु ने वही बात कही, जो पब्लिक की आवाज थी कि कांग्रेस की मंजी न ठोको। निशांत ने कहा कि कांग्रेस ने 36 हजार कर्मचारी पक्के करने के झूठे बोर्ड लगाए। उसके इन्होंने यह भी कहा कच्चे कर्मचारियों का 6600 रुपए वेतन बढ़ा दिया है लेकिन कच्चे कर्मचारियों के साथ धोखा किया गया। इस बार वह मनप्रीत को हराने के लिए पूरा जोर लगाएंगे। उनकी यूनियन में 13,078 मेंबर हैं। इस यूनियन को 13 मेंबरी कमेटी चलाती है, जिसके निशांत कोआर्डिनेटर हैं।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।