फरीदाबाद में दीपावली से पहले विस्फोटक सामग्री बरामद, दुकानदार गिरफ्तार
फरीदाबाद में दीपावली से पहले विस्फोटक सामग्री बरामद, दुकानदार गिरफ्तार
फरीदाबाद (सच कहूँ/सागर दहिया)। Faridabad News: दीपावली से पहले फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बल्लभगढ़ से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने बल्लभगढ़ की मुकेश कॉलोनी में एक खाली प्लॉट पर छापा मारकर पोटाश और गंधक के कई कट्टे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से गोदाम मालिक पुनीत को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार आरोपी पुनीत बल्लभगढ़ मंडी का व्यापारी है। क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि मुकेश कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री जमा की गई है, जिसे दिवाली के दौरान बेचने की तैयारी है।
सूचना के आधार पर इंचार्ज अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा। प्लॉट से भारी मात्रा में पोटाश और गंधक बरामद हुआ। क्राइम ब्रांच इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जाएगी कि विस्फोटक सामग्री कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस का दावा है कि जांच में आरोपी के अन्य ठिकानों से भी विस्फोटक सामग्री बरामद होने की आशंका है।