ममता की किस्मत का फैसला आज: पश्चिम बंगाल 3 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी

Published On

कोलकाता (एजेंसी)। पश्चिम बंगाल में भवानीपुर, शमशेरगंज तथा जंगीपुर विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए गुरुवार को सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। इस सभी सीटों में कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए शाम साढ़े छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। भवानीपुर में 98 मतदान केंद्रों में 287 बूथ बनाए गए हैं। इनमें से 269 मुख्य बूथ हैं। प्रत्येक बूथ के बाहर 200 मीटर के क्षेत्र तक धारा 144 लागू कर दी गई है। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,06,456 मतदाता हैं। इनमें से 95,209 पुरुष और 95,209 महिला मतदाता हैं। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तृणमूल कांग्रेस की टिकट पर किस्मत आजमा रही हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रियंका टिबरीवाल को चुनावी मैदान में उतारा है, जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की ओर से श्रीजीव विश्वास भाग्य आजमा रहे हैं। भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र के सभी बूथों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इनमें से 13 बूथों को हाई अलर्ट जोन में रखा गया है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए हैं। हाल की स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अर्धसैनिक बलों की 20 और कंपनियां बढ़ा दी है। भवानीपुर में अब अर्धसैनिक बलों की 35 कंपनियों के जवान गश्त कर रहे हैं। ईवीएम की सुरक्षा के लिए तीन अतिरिक्त नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं और 141 वाहनों को तैनात किया गया हैं। सखावत मेमोरियल स्कूल में दो स्ट्रांग रूम बनाए गए हैं।
कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार शहर की सुरक्षा को लेकर सख्त है। यहां बुधवार से अतिरिक्त बलों को तैनात कर दिया गया है। केंद्रीय बलों के साथ, कोलकाता पुलिस आज भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में चौकसी बरत रही है। संयुक्त पुलिस आयुक्त रैंक के पांच अधिकारियों 14 उपायुक्तों और 14 सहायक आयुक्तों को भवानीपुर की सुरक्षा लिए तैनात किया गया है।

सुरक्षा बलों के जवान नदी पर लगातार गश्त

वहीं नौ स्ट्राइकिंग फोर्स, 13 क्यूआरटी वैन, नौ फ्लाइंग स्क्वॉड और आरएएफ को तैयार किया गया हैं। आरएएफ में महिला अधिकारी भी शामिल हैं। सुरक्षा बलों के जवान नदी पर लगातार गश्त कर रहे हैं। पुलिस 38 जगहों पर तलाशी ले रही है। आज सुबह साढ़े पांच बजे से 100 ट्रैफिक अधिकारियों को तैनात किया गया है। केवल भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में सात नाका तलाश केंद्र स्थापित किये गये हैं। वहीं किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटन के लिए बाइक पुलिस की टीमें तैनात की गयी हैं।

ईवीएम को पानी में भीगने से बचाने के लिए पारदर्शी पॉलीथिन बैग उपलब्ध कराए गए

उल्लेखनीय है कि भवानीपुर के अधिकांश वार्डों में बुधवार को दिनभर बारिश हुई थी। ऐसे में चुनाव आयोग ने आपदा से निपटने के लिए कई सुरक्षा उपाय किए हैं। ईवीएम को पानी में भीगने से बचाने के लिए पारदर्शी पॉलीथिन बैग उपलब्ध कराए गए हैं। हर चुनाव कार्यकर्ता को रेनकोट उपलब्ध कराया गया है। वहीं पुलिसकर्मियों को बारिश से खुद को बचाने के लिए छाता और रेनकोट साथ रखने को कहा गया है। आपदा प्रबंधन विभाग और नागरिक सुरक्षा विभाग ने दो नावों की व्यवस्था की है, जिनका उपयोग जल स्तर तीन फीट से ऊपर पहुंचने की स्थिति में किया जाएगा।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts