केन्द्र की कैबिनेट कमेटियों में ज्योतिरादित्य, स्मृति और सोनोवाल को मिली एंट्री, जानिए किसे क्या जिम्मेदारी

Published On

नई दिल्ली (एजेंसी)। केन्द्रीय कैबिनेट में फेरबदल के बाद अब केन्द्र सरकार ने कैबिनेट कमेटियों में कई बदलाव किए हैं। इसमें युवा मंत्रियों की लाटरी निकल गई है। रविशंकर प्रसाद, प्रकाश जावड़ेकर जैसे बड़े चेहरों के कैबिनेट से बाहर होने के बाद कैबिनेट कमेटी में केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सर्वांनद सोनोवाल, भूपेंद्र यादव, मनसुख मांडविया सहित कई अन्य कई मंत्री शामिल हैं।

इसके साथ ही नारायण राणे, अश्विनी वैष्णव, किरण रिजिजू, अनुराग ठाकुर जैसे युवा चेहरों को भी इस बार कैबिनेट की कमेटियों में जगह मिली है।

कौन किस कमेटी में हुआ है शामिल?

संसदीय मामलों की कैबिनेट कमेटी में विरेंद्र कुमार, अर्जुन मुंडा, अनुराग ठाकुर, किरण रिजिजू को स्थान दिया गया है। बता दें कि इस कमेटी की कमान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पास है। जबकि राजनीतिक मामलों से जुड़ी अहम् कैबिनेट कमेटी में सर्वानंद सोनोवाल, स्मृति ईरानी, गिरिराज सिंह, मनसुख मंडाविया, भूपेंद्र यादव को प्रवेश दिया गया है। इस कमेटी को खुद पीएम मोदी संभाल रहे हैं।

निवेश और विकास से जुड़ी कैबिनेट कमेटी में ज्योतिरादित्य सिंधिया, नारायण राणे, अश्विनी वैष्णव को जगह मिली है। ये कमेटी पीएम के अंडर कार्य करती है।

रोजगार और स्किल से जुड़ी कमेटी में धर्मेन्द्र प्रधान, भूपेंद्र यादव, अश्विनी वैष्णव, हरदीप पुरी, आर.सी.पी. सिंह को शामिल किया है। इसकी कमान भी पीएम के पास है।

कैबिनेट में नियुक्ति, सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रिमंडल का विस्तार किया था। इस दौरान करीब तीन दर्जन नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई, करीब एक दर्जन मंत्रियों को प्रमोशन मिला और कई मंत्रियों की छुट्टी हो गई।

 

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramlink din , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts