Nepal Landslide: नेपाल में भूस्खलन ने मचाई भारी तबाही, तीन की मौत, चार लापता
सुरक्षा बलों ने बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया
Nepal Rain Alert: काठमांडू (हि.स.)। नेपाल में लगातार हो रही बारिश के बीच जाजरकोट जिले में भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। भेरी नगरपालिका के रिसाड़ क्षेत्र में रविवार सुबह हुए भूस्खलन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद सुरक्षा बलों ने बड़े स्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया है। भूस्खलन की घटना रविवार सुबह करीब 5:30 बजे हुई। मलबे की चपेट में आने से इलाके के आठ मकानों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां प्रभावित क्षेत्र में लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं। Nepal Landslide
सशस्त्र पुलिस के अनुसार, लापता लोगों की तलाश के लिए नेपाली सेना, सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल और नेपाल पुलिस की संयुक्त टीम को घटनास्थल पर लगाया गया है। अभियान का नेतृत्व सशस्त्र पुलिस निरीक्षक कमल कार्की कर रहे हैं। हादसे में घायल हुए केदार कार्की की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, राहत एवं बचाव दल प्रभावित इलाके में मलबा हटाकर अन्य संभावित लोगों की तलाश कर रहे हैं।
कई घायल, दो की हालत गंभीर
भूस्खलन में कई स्थानीय लोग घायल हुए हैं। घायलों में राम बहादुर शाही, सिद्धि बहादुर कामी, कमला कार्की, अनिता कार्की, युनिस शाही, सुन्तली चदरा और भद्रकला कार्की शामिल हैं। राम बहादुर शाही और भद्रकला कार्की की स्थिति गंभीर बताई गई है। दोनों को बेहतर उपचार के लिए नेपालगंज और सुर्खेत भेजा गया है। घटनास्थल पर नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल गुल्म जाजरकोट के करीब 155 जवानों की संयुक्त टीम तैनात है। बचाव दल प्रभावित क्षेत्र में मलबे की जांच के साथ लापता लोगों को खोजने का प्रयास कर रहे हैं।
भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित वार्ड के करीब 200 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है। इन लोगों को त्रिभुवन आधारभूत विद्यालय के भवन में अस्थायी रूप से ठहराया गया है। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है। Nepal Landslide