प्रशांत किशोर कांग्रेस में नहीं होंगे शामिल, सोनिया गांधी के प्रस्ताव को ठुकराया

Published On

रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर दी जानकारी

नई दिल्ली (एजेंसी)। चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कांग्रेस में शामिल होने के कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। कांग्रेस नेता और पार्टी के संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रशांत किशोर के साथ चर्चा के बाद एक विशेषाधिकार प्राप्त समूह 2024 बनाने का एलान किया था। श्रीमती गांधी ने किशोर से इस समूह के साथ साथ पार्टी में शामिल होने का प्रस्ताव किया था। सुरजेवाला ने कहा कि किशोर ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी किशोर के प्रयासों तथा पार्टी को दिये गये सुझावों की सराहना करती है। उल्लेखनीय है कि श्रीमती गांधी ने भविष्य की राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए सोमवार को एक अधिकार प्राप्त समूह 2024 का गठन करने का निर्णय लिया था। उन्होंने उस सयम उसकी भूमिका और सदस्यों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। सुरजेवाला ने इसकी जानकारी देते हुए कहा था कि यह समूह 2024 के लोकसभा के चुनाव तक राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए कांग्रेस पार्टी में कार्य करेगा ।

कांग्रेस को मुझसे ज्यादा जरूरत है नेतृत्व तथा बदलाव की इच्छाशक्ति की : किशोर

 चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने कांग्रेस में शामिल होने के कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रस्ताव को अस्वीकार करते हुए कहा है कि पार्टी को उनसे कहीं ज्यादा नेतृत्व तथा सामूहिक इच्छाशक्ति की जरूरत है जिससे सुधारों के जरिये बुनियादी समस्याओं का समाधान किया जा सके। कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मंगलवार को जैसे ही ट्वीट कर यह जानकारी दी कि श्री किशोर ने कांग्रेस में शामिल होने का कांग्रेस अध्यक्ष का प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया है। इसके कुछ देर बाद  किशोर ने भी ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने कहा , “ मैंने कांग्रेस पार्टी और उसके अधिकार प्राप्त समूह में शामिल होकर चुनाव की जिम्मेदारी उठाने के उदार प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है। मेरा विनम्र विचार है कि पार्टी को उनसे कहीं ज्यादा नेतृत्व तथा सामूहिक इच्छाशक्ति की जरूरत है जिससे कि बदलाव पर आधारित सुधारों के जरिये बुनियादी समस्याओं का समाधान किया जा सके। ”

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts