बोरवेल में गिरी तीन साल की बालिका को सुरक्षित निकाला गया

Published On

छतरपुर (एजेंसी)। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के एक गांव में बोरवेल में गिरी तीन साल की बालिका नैन्सी को रात्रि में सुरक्षित निकाल लिया गया। बिजावर थाना क्षेत्र के ललगुवांपाली गांव के एक खेत के खुले बोरवेल में तीन वर्षीय नैन्सी विश्वकर्मा अपरान्ह बाद गिर गयी थी। उसे बचाने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली गयी और कुछ घंटों के प्रयास के बाद रात्रि में उसे रस्सियों के सहारे सुरक्षित निकाल लिया गया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वयं ट्वीट के जरिए बालिका को सुरक्षित निकालने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बेटी को सुरक्षित निकाल लिया गया। इस कार्य में सहयोग के लिए जिला प्रशासन के सभी साथियों और नागरिकों के प्रति आभार। सिलसिलेवार ट्वीट में उन्होंने कहा कि नैंसी की मां से फोन पर बात की। यह जानकर संतोष और आनंद हुआ कि बेटी स्वस्थ है। उसे सामान्य चेकअप के लिए अस्पताल ले जाया गया है। बेटी के पिता नहीं है, लेकिन उसके मामा शिवराज उसके साथ हैं।

इसके पहले चौहान ने बेटी को सुरक्षित निकालने के लिए जिला प्रशासन से आवश्यक उपाय करने के लिए कहा था और वे प्रशासन के संपर्क में थे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा भी छतरपुर जिला प्रशासन के संपर्क में थे और उन्होंने बेटी को सुरक्षित निकालने के बाद मुख्यमंत्री से चर्चा कर उन्हें धन्यवाद दिया।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts