Punjab
बड़वानी में एसिड गिरने से दो बच्चे व महिला गंभीर रूप से झुलसे, महिला की मौत
जिले के मोहनपुरा गांव में हुआ ये दर्दनाक हादसा
भोपाल। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के मोहनपुरा गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ। घर में रखा एसिड का एक कैन एक महिला और बच्चों पर गिर गया, जिससे तीनों झुलस गए। घटना में 24 वर्षीय पिंकी की मौत हो गई, जबकि उसके दो बच्चे गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो गए। यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे हुआ, जब 5 लीटर एसिड का कैन अचानक रैक से गिर गया, जिसे खेतों में ड्रिप सिंचाई लाइनों की सफाई के लिए घर में रखा गया था। Barwani News
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घर में चूहों की आवाजाही के कारण कैन हिल गया और नीचे गिरकर उसमें रखा तेजाब परिवार पर फैल गया। पिंकी के पति विजय चौहान अपने परिवार के साथ खेत में बने घर में रह रहे थे, जो सालेखड़ा गांव के रहने वाले हैं। परिवार खेती के लिए ड्रिप सिंचाई प्रणाली का उपयोग करता था, जिसकी सफाई के लिए एसिड का इस्तेमाल किया जाता है। इसी वजह से एसिड को रैक पर रखा गया था, लेकिन चूहों के कारण यह दर्दनाक हादसा हो गया।
परिवार के लोग तुरंत घायलों को राजपुर स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बड़वानी जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, अस्पताल ले जाते समय पिंकी की मौत हो गई। दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलसे हैं और जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर लगातार नजर रख रही है।
फिलहाल, उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि एसिड के भंडारण में सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है, जिसमें बच्चों के इलाज में मदद भी शामिल है। लोगों ने घटना पर गहरा दुख जताया है और कहा कि घरों में खतरनाक रसायनों के भंडारण से ऐसे हादसे हो सकते हैं। Barwani News
About The Author