अंतिम सफर पर अटलजी: अंत्येष्टि से पहले पार्थिव शरीर भाजपा मुख्यालय में रखा गया

Sach Kahoon Desk Picture
Published On

4 बजे होगा अंतिम संस्कार

नई दिल्ली।

भारत रत्न और तीन बार प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी (93) की पार्थिव देह को सेना की विशेष गाड़ी से भाजपा मुख्यालय ले जाया गया। इस दौरान तीनों सेनाओं की एक संयुक्त टुकड़ी उनके साथ रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह मुख्यालय में मौजूद हैं। यहां एक बजे तक आम लोग अटलजी के आखिरी दर्शन कर सकते हैं। इसके बाद अंत्येष्टि के लिए अंतिम यात्रा भाजपा मुख्यालय से दीनदयाल उपाध्याय मार्ग (डीडीयू) से होते हुए आईटीओ और वहां से राजघाट के पीछे स्थित राष्ट्रीय स्मृति स्थल पर पहुंचेगी।

भाजपा मुख्यालय से यहां तक की दूरी लगभग पांच किलोमीटर है। 4 बजे अटलजी का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पहले, उनके पार्थिव शरीर को गुरुवार शाम को एम्स से अंतिम दर्शन के लिए कृष्ण मेनन मार्ग स्थित उनके आवास पर रखा गया था।आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अटलजी के कृष्ण मेनन मार्ग स्थित उनके आवास पर शुक्रवार सुबह श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत कई नेताओं ने गुरुवार देर रात श्रद्धांजलि दी। अटलजी ने गुरुवार शाम 5.05 बजे एम्स में अंतिम सांस ली थी। वे नौ साल से बीमार थे और 67 दिन से एम्स में भर्ती थे। 12 राज्यों में शासकीय अवकाश: अटलजी के निधन पर 7 दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई।

शुक्रवार को देश के 12 राज्यों ने राजकीय शोक और अवकाश की घोषणा की। इनमें दिल्ली, उत्तरप्रदेश, गुजरात, मध्यप्रदेश, ओडिशा, पंजाब, बिहार, झारखंड, हरियाणा, तेलंगाना, तमिलनाडु और कर्नाटक राज्य शामिल हैं। इन राज्यों में सरकारी कार्यालय, स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश रखा गया है। सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट में भी शुक्रवार को एक बजे तक काम होगा। दिल्ली में व्यापारियों ने भी सभी बाजार बंद रखने का फैसला किया है।

Hindi News से जुडे अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

 

About The Author

Ad Ad

Related Posts