दोहरी मौत वाले सड़क हादसे में पिकअप चालक गिरफ्तार
रतिया में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत के मामले में पिकअप चालक गिरफ्तार
रतिया (सच कहूँ न्यूज़)। Ratia News: थाना सदर रतिया पुलिस ने दो लोगों की मौत के मामले में कार्रवाई करते हुए हादसे के आरोपी पिकअप चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान ढाणी लंबा निवासी श्रवण कुमार पुत्र विनोद कुमार के रूप में हुई है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद ने बताया कि बाहमणवाला प्लाट निवासी गुरचरण सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार 15 जून को उसके भाई कर्म सिंह और रणजीत सिंह मोटरसाइकिल पर रतिया से अपने गांव लौट रहे थे।
मिराणा बस अड्डा के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल रतिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की और पिकअप चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि मामले की जांच जारी है।
