पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया एफएपी नेशनल अवार्ड्स 2026 का उद्घाटन करेंगे

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में 27-28 नवम्बर को आयोजित होगा दो दिवसीय ‘एफएपी नेशनल अवॉर्ड्स 2026’

Published On

चंडीगढ़, सच कहूँ न्यूज। Chandigarh News: देश में शिक्षा, खेल और संस्कृति के स्तर को  ऊँचा उठाने में निजी स्कूलों के अमूल्य योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से ‘फेडरेशन आॅफ प्राइवेट स्कूल्स एंड एसोसिएशंस आॅफ पंजाब’ (एफएपी) द्वारा 28 और 29 नवम्बर को चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में ‘एफएपी नेशनल अवार्ड्स 2026’ के 6वें संस्करण का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय समारोह में देशभर के 1157 स्कूलों से चयनित 1,525 से अधिक प्रिंसिपलों, शिक्षकों और छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।

एफएपी नेशनल अवार्ड्स 2026 के बारे में जानकारी देते हुए, एफएपी अध्यक्ष डॉ. जगजीत सिंह धुरी ने कहा कि पंजाब के गवर्नर और केन्द्र शासित प्रदेश (यूटी) चंडीगढ़ के प्रशासक, गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में समारोह का उद्घाटन करेंगे। राज्यसभा सांसद और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के चांसलर सतनाम सिंह संधू तथा पूर्व नॉर्दर्न आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ‘विशिष्ट अतिथि’ के रूप कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। इस अवसर पर चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के वाइस-चांसलर प्रो. (डॉ.) एस.एस. सहगल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे। 

डॉ. धुरी ने बताया कि इस दो दिवसीय पुरस्कार समारोह में, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, केरल, ओडिशा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, असम, बिहार, झारखंड, सिक्किम, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और नागालैंड सहित 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के शिक्षकों, छात्रों और स्कूलों को पुरस्कार दिए जाएंगे। शिक्षा और खेल में उपलब्धियों के लिए चार कैटेगरी  में पुरस्कार दिए जाएंगे जिनमें बेस्ट स्कूल अवार्ड, लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, प्राइड आॅफ स्कूल अवार्ड और बेस्ट स्टूडेंट अवार्ड (प्राइड आॅफ इंडिया) शामिल हैं।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts