Samvidhan Divas: संविधान दिवस पर एसआईआर की शुचिता पर छिड़ी बहस, 28 प्रतिभागियों ने रखे तर्क
शहीद स्मारक में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में विश्वविद्यालयों व कॉलेजों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। संविधान दिवस के मौके पर गुरुवार को टाउन स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के करीब 28 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर लोकतंत्र और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर अपने विचार रखे। प्रतियोगिता का विषय 'मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) भारतीय लोकतंत्र की शुचिता को मजबूत करता है?
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त डीआईजी गिरीश कुमार और सेवानिवृत्त सेशन जज अमरचंद रहे, जबकि सुचेता ने निर्णायक की भूमिका निभाई। इस मौके पर शहीद स्मारक के संस्थापक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता शंकर सोनी ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण आवश्यक है, लेकिन इसे पूरी सावधानी और निष्पक्षता के साथ किया जाना चाहिए। देशभर में मतदाता सूचियों में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य केवल औपचारिक आयोजन करना नहीं, बल्कि हर वर्ष यह आत्ममंथन करना है कि संविधान अंगीकार करते समय देश को लेकर जो संकल्प और प्रतिज्ञाएं की गई थीं, उनकी दिशा में हम कहां तक पहुंचे हैं। संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों को समझना प्रत्येक नागरिक के लिए जरूरी है।
सोनी ने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ पूरे शहर और नागरिकों में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। आमतौर पर लोग चुनाव, निर्वाचन आयोग और एसआईआर को केवल राजनीतिक दलों और नेताओं से जोड़कर देखते हैं, जबकि इनका सीधा संबंध प्रत्येक नागरिक से है। उन्होंने कहा कि हम भारत के लोग ही देश की सर्वोच्च सत्ता हैं। लोकतंत्र में अपनी इस भूमिका और अधिकारों को महसूस करने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं।
Comments