चोरमारखेड़ा के पास हाईवे किनारे महिला का शव मिलने से फैली सनसनी, गले में बंधी मिली चुन्नी

Published On

ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर-9 पर गांव चोरमारखेड़ा के निकट हाईवे किनारे केले के पत्तों के नीचे एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही ओढ़ां थाना पुलिस, सीआईए स्टाफ, सीन आॅफ क्राइम टीम तथा डीएसपी मुख्यालय कपिल अहलावत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टि में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार भेड़-बकरियां चराने वाले कुछ लोगों ने हाईवे किनारे केले के पत्तों के नीचे शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर ओढ़ां थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। Sirsa News

मृतका की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है और शव 1 से 2 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। महिला के गले में चुन्नी बंधी हुई थी और गले पर निशान भी पाए गए, जबकि नाक से खून भी निकला हुआ था। इससे आशंका जताई जा रही है कि महिला का चुन्नी से गला घोंटकर हत्या की गई और बाद में शव को केले के पत्तों के नीचे छुपा दिया गया। अभी तक मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। महिला के एक हाथ पर पूजा और दूसरे हाथ पर पूजा, सचिन, शशि, मिंटू नाम गुदे हुए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

कालुआना माइनर से मिला वृद्ध का शव | Sirsa News

वहीं गांव सालमखेड़ा के निकट कालुआना माइनर से भी एक वृद्ध व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। मृतक की उम्र करीब 70 वर्ष बताई जा रही है और शव 1 से 2 दिन पुराना है। पुलिस जांच में मृतक की पहचान 70 वर्षीय जरनैल सिंह निवासी गांव किशनगढ़, थाना बरोटा (पंजाब) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार जरनैल सिंह नहर में नहाने गया था और वापस घर नहीं लौटा। इसके बाद उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बरोटा थाना में दर्ज करवाई गई थी। एएसआई लक्खा राम ने बताया कि फिलहाल परिजनों के बयान के आधार पर इत्तेफाकिया कार्रवाई दर्ज की गई है। Sirsa News

About The Author

Related Posts