हरियाणा सरकार ने वापस लिए आदेश, नहीं खुलेंगी किताब, एसी, कूलर, पंखों की दुकानें

Published On

चंडीगढ़। हरियाणा में बंद के दौरान किताबों, एसी, कूलर और पंखों की दुकानें नहीं खुलेंगी। दुकानदार स्कूल, कॉलेज के छात्रों को पुस्तक वितरण नहीं कर पाएंगे। एसी, कूलर व पंखे बेचने के अलावा इनकी मरम्मत की दुकानें खोलने पर भी प्रतिबंध जारी रहेगा। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव व वित्तायुक्त धनपत सिंह ने पुराना निर्णय वापस लेते हुए नया आदेश जारी किया है। सभी प्रशासनिक सचिवों, मंडलायुक्तों व डीसी को इन आदेशों की अनुपालन कड़ाई से कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेशों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा। सरकार ने 19 अप्रैल को ही यह आदेश जारी किया था कि राष्ट्रीय स्तर पर दी जा रही छूट के दौरान, किताबों, एसी, कूलर, पंखे बेचने और उनकी मरम्मत की दुकानें खुली रहेंगी।

एक दिन बाद ही यह आदेश पलट दिया गया। चूंकि, किताबों की दुकानों के साथ ही एसी, कूलर व पंखों की दुकानों पर भीड़ जुटने का अंदेशा था। जिससे वायरस फैलने के आसार थे। नया सत्र शुरू हो चुका है, इसलिए स्कूल, कॉलेज के बच्चों की भीड़ निसंदेह किताबें खरीदने के लिए जुटनी थी। गर्मी भी धीरे-धीरे बढ़ रही है, इसलिए नए एसी, कूलर व पंखे खरीदने के साथ ही पुरानों की लोगों को मरम्मत करानी है। दुकानों के खुलने से बंद बेअसर हो सकता था। इसलिए फिलहाल इन दुकानों को बंद ही रखने का निर्णय लिया गया है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts