Punjab
Haryana Roadways: सरसा में रोडवेज बस ने की टक्कर के बाद 15 फीट तक घिसटती रहीं महिला व छात्रा
आईटीआई चौक पर एक तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस ने स्कूटी को टक्कर मार दी
सरसा (सच कहूँ न्यूज)। नागरिक अस्पताल रोड स्थित आईटीआई चौक पर रविवार सुबह एक तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस ने स्कूटी सवार महिला और छात्रा को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों स्कूटी सहित करीब 10 से 15 फीट तक बस के आगे घिसटती चली गईं। गंभीर रूप से घायल दोनों को बस चालक और परिचालक ने लोगों की मदद से ऑटो में डालकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी और करीब 20 फीट तक ब्रेक लगने के बाद बस जाकर रुकी। घटना के बाद बस में सवार यात्री भी नीचे उतर गए और बाद में अन्य साधनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। Sirsa News
शिव चौक छोड़ने जा रही थी छात्रा
घायल छात्रा तन्नु के ताऊ राजू ने बताया कि तन्नु जेजे कॉलोनी की रहने वाली है और हाल ही में उसने 12वीं कक्षा पास की है। वह एक सिलाई सेंटर में प्रशिक्षण ले रही है। सिलाई सिखाने वाली ट्रेनर नवजीत कौर मूल रूप से रानियां क्षेत्र की रहने वाली हैं और फिलहाल शिव चौक के पास रहती हैं। रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे तन्नु स्कूटी पर नवजीत कौर को छोड़ने के लिए रानियां रोड की ओर जा रही थी। जैसे ही दोनों महिला आईटीआई चौक पर सड़क पार करने लगीं, तभी रानियां के बणी से आ रही रोडवेज बस ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कूटी बस के अगले हिस्से में फंस गई और दोनों महिलाएं स्कूटी सहित सड़क पर घिसटती चली गईं।
लोगों का गुस्सा:आईटीआई और अस्पताल के पास भी नहीं ब्रेकर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि महिला आईटीआई, लड़कों की आईटीआई और काली माता मंदिर होने के कारण इस रोड पर दिनभर भारी आवाजाही रहती है। इसके बावजूद यहां स्पीड ब्रेकर और दिशा सूचक तक नहीं लगाए गए हैं। लोगों ने बताया कि इस सड़क पर रोजाना दो से तीन छोटे-बड़े हादसे होते हैं, लेकिन प्रशासन कोई स्थायी समाधान नहीं कर रहा। नागरिक अस्पताल के पास भी ब्रेकर नहीं होने से मरीजों और राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। Sirsa News
सड़क सुरक्षा समिति में भी उठ चुका है मुद्दा
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में इस रोड पर गड्ढे भरने, ब्रेकर लगाने और सुरक्षा संकेतक लगाने की बात उठ चुकी है। नगर परिषद ने सड़क के गड्ढे तो भर दिए, लेकिन संबंधित विभागों ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई। लोगों ने आरोप लगाया कि बैठकों में बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अमल नहीं होता।
चालक बोला- अचानक सामने आ गई स्कूटी
रोडवेज बस चालक राजा सिंह ने बताया कि उसने लड़कों की आईटीआई के पास सवारियां उतारी थीं और कुछ दूरी आगे यह हादसा हो गया। चालक के अनुसार बस की गति अधिक नहीं थी। उसने दावा किया कि स्कूटी अचानक सामने आ गई, जिसे बचाने के लिए बस को डिवाइडर की ओर मोड़ा गया, लेकिन युवती घबरा गई और हादसा हो गया। चालक ने कहा कि दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और राहत की बात यह है कि उनकी जान बच गई।
पुलिस ने बस कब्जे में ली, बयान का इंतजार
घटना की सूचना मिलने पर जेजे कॉलोनी चौकी पुलिस नागरिक अस्पताल पहुंची और घायलों के परिजनों से जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच की। पुलिस के अनुसार दोनों घायल अभी बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। उनके बयान दर्ज होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है। Sirsa News