हरियाणा में झमाझम बारिश का दौर, किसानों के लिए मौसम विभाग की बड़ी चेतावनी
मौसम विभाग का अलर्ट, हरियाणा में दो दिन तक बारिश के आसार
हिसार (सच कहूँ/संदीप सिंहमार)। Haryana Weather Forecast: हरियाणा में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। खासकर हिसार और आसपास के इलाकों में सुबह हुई बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश और बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रह सकता है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन लाल खिचड़ ने बताया कि आज पश्चिमी और दक्षिण हरियाणा के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई है। उन्होंने कहा कि रात के समय भी प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
कल भी बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मंगलवार को भी उत्तरी हरियाणा समेत प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश होने की संभावना है। वहीं 13 मई को कुछेक स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। हालांकि 14 मई से मौसम फिर से शुष्क होने लगेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी दोबारा अपना असर दिखा सकती है।
किसानों के लिए अहम सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। डॉ. मदन लाल खिचड़ ने कहा कि इस समय नरमा और कपास की बिजाई का सीजन चल रहा है, इसलिए अगले दो दिनों तक किसान बिजाई का काम रोक दें। उन्होंने किसानों से यह भी अपील की कि यदि खेतों में तूड़ी या अनाज खुले में रखा हुआ है, तो उसे तुरंत सुरक्षित ढक दें ताकि बारिश से नुकसान न हो।
फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी बारिश
विशेषज्ञों के अनुसार यह बारिश पहले से उगी हुई नरमा और कपास की फसलों के लिए काफी लाभदायक साबित होगी। इसके अलावा जिन खेतों में बिजाई की तैयारी चल रही है, वहां मिट्टी में नमी बढ़ने से किसानों को फायदा मिलेगा और सिंचाई की जरूरत भी कम पड़ेगी।
गर्मी से मिली राहत
बारिश और बादलों की वजह से प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है और मौसम सुहावना हो गया है। आने वाले दो दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना जताई गई है।
