प्रतापनगर क्षेत्र में अवैध खनन से भूमि कटाव का खतरा, विभागीय टीम ने किया निरीक्षण

Published On

प्रताप नगर (सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Pratap Nagar News: खान एवं भू-विज्ञान विभाग के सहायक खनन अभियंता ने बताया कि स्वास्तिक स्टोन क्रेशर/स्क्रीनिंग प्लांट के संचालक द्वारा अवैध खनन की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार उनके प्लांट के पीछे पिछले कई महीनों से कुछ स्थानीय लोगों द्वारा समय-समय पर अवैध खनन किया जा रहा है। यह स्थान पहले जमुना नामक प्लांट के नाम से संचालित था, जो फिलहाल वहां से हटाया जा चुका है। अवैध खनन के कारण आस-पास की भूमि में कटाव होने का खतरा बना हुआ है।

शिकायत मिलने पर विभाग की टीम ने 8 मार्च 2026 को शाम करीब 6 बजे मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कोई व्यक्ति या वाहन खनन करते हुए नहीं मिला, लेकिन स्थल पर वाहनों के निशान पाए गए और मौके के फोटोग्राफ लिए गए। स्थानीय पूछताछ में पता चला कि उक्त भूमि नवनीत कुमार पुत्र महेन्द्र सिंह सैनी निवासी मुजाहिदवाला, तहसील प्रतापनगर की है तथा उसी द्वारा अवैध खनन करवाया गया है। मौके पर लगभग 200 फीट लंबाई, 80 फीट चौड़ाई और 15 फीट गहराई तक खनन पाया गया, जिससे करीब 9600 मीट्रिक टन बोल्डर, ग्रैवल व रेत का अवैध खनन होने का अनुमान है। इस पर करीब 35 लाख रुपये की रॉयल्टी, पेनल्टी और जुर्माना राशि बनती है। Pratap Nagar News

अधिकारी ने बताया कि मौके पर जीपीएस रीडिंग सहित फोटोग्राफ लिए गए और विभागीय रिकॉर्ड के लिए प्रिंट आउट भी निकाले गए। विभाग ने अवैध खनन करवाने वाले जमीन मालिक, इसमें संलिप्त वाहनों और अवैध खनिज खरीदने वाले स्थानीय स्क्रीनिंग प्लांटों व स्टोन क्रेशरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की सिफारिश की है।

उन्होंने बताया कि 7 मार्च से 11 मार्च 2026 तक संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान बीर टापू में 3, बेलगढ़ में 1, बीबीपुर में 1 और बल्लेवाला में 1 एफआईआर दर्ज की गई। इसके अलावा बिना ई-रवाना बिल के 12 वाहनों को जब्त किया गया है। साथ ही 11 स्टोन क्रेशर व स्क्रीनिंग प्लांटों को नोटिस जारी किए गए हैं तथा ओवरलोड वाहनों के चालान कर 5 लाख 95 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया है।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन उपायुक्त प्रीति के मार्गदर्शन में अवैध खनन रोकने के लिए निरंतर प्रयासरत एवं प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यदि खनन गतिविधियों को निर्धारित मानदंडों के अनुरूप क्रियान्वयित नहीं किया जाता है तो इस प्रकार की कार्यवाही भविष्य में भी जारी रहेगी और जिला प्रशासन क्षेत्र में अवैध खनन को रोकने में पूरी तत्परता से कार्य किया जाता है। Pratap Nagar News

यह भी पढ़ें:– एथेंस में इंटरनेशनल वुशु चैम्पियनशिप में प्रताप स्कूल की किरण का चयन

About The Author

Related Posts