Drugs Control Department Raids: ऐलनाबाद के हिमांशु मेडिकल स्टोर को सील करने की सिफारिश
ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने 4 मेडिकल स्टोरों पर की छापेमारी
Drugs Control Department Raids: ऐलनाबाद (सच कहूँ न्यूज)। जिले में नशा तस्करों और नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऐलनाबाद में ड्रग्स कंट्रोल विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों ने चार मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी कर जांच की। निरीक्षण के दौरान दवाइयों के स्टॉक, बिक्री रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान अनियमितताएं मिलने पर हिमांशु मेडिकल स्टोर को सील करने की सिफारिश की गई है। Sirsa News
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर जिलेभर में नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में ऐलनाबाद क्षेत्र में संयुक्त टीमों ने औचक निरीक्षण करते हुए मेडिकल स्टोर संचालकों से दवाइयों की खरीद-बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की। जांच के दौरान अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि बिना डॉक्टर की अधिकृत पर्ची के किसी भी प्रकार की दवा, विशेषकर नशीली और प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री नहीं की जाए।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी मेडिकल स्टोर पर बिना वैध पर्ची के दवा बेचते पाया गया तो संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। संयुक्त कार्रवाई में ड्रग इंस्पेक्टर केशव वशिष्ठ, ऐलनाबाद थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रगट सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे। Sirsa News
About The Author