कोरोना काल में हरियाणा में सड़क हादसों में आई गिरावट

Published On

2019 में प्रतिदिन लगभग 30 सड़क हादसे होते थे

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा में कोरोनाकाल में आवागमन की पाबंदियों और एहतियात के तौर पर लोगों के बाहर न निकलने के चलते राज्य में जून माह में सड़क दुर्घटनाओं में 17.64 प्रतिशत की कमी आई है। हालांकि हरियाणा पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं की कमी का श्रेय उसके द्वारा इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों को दिया है लेकिन वास्तव में कोरोना महामारी के चलते सड़कों को ट्रैफिक कम होने के चलते सड़क हादसों में कमी आई है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) नवदीप सिंह विर्क ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए दावा किया कि पुलिस सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए निरंतर खास चीजों पर फोकस कर रही है जिसके बेहतर परिणाम अब सामने आने लगे हैं। राज्य में सड़क हादसों में गत वर्ष जून के मुकाबले इस साल 17.64 प्रतिशत की कमी आई है। जून 2020 में सड़क हादसे घटकर 733 रह गए, जबकि 2019 में यह आंकड़ा 890 था। जहां 2019 में प्रतिदिन लगभग 30 सड़क हादसे रिपोर्ट हुए, वहीं 2020 में यह संख्या घटकर 24 रह गई।

घायल लोगों की संख्या 15.30 फीसदी कम हुई

उन्होंने बताया कि इस साल जहां सड़क हादसों में घायल लोगों की संख्या 15.30 फीसदी कम हुई, वहीं सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर में भी 20.04 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। गत छह माह में जनवरी से जून 2020 के बीच सड़क दुर्घटनाओं, मृत्युदर तथा हादसों में घायल लोगों की संख्या में भी क्रमश: 26.71 प्रतिशत, 26.77 प्रतिशत और 26.88 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। हालाँकि 25 मार्च से 31 मई तक कोविड-19 लॉकडाउन ने भी सड़क हादसों पर ब्रेक लगाने में योगदान दिया।

  • गत वर्ष जून में 429 लोग सड़क हादसों का शिकार हुए।
  • वहीं इस साल यह आंकड़ा 86 की गिरावट के साथ 343 दर्ज किया गया।
  • वहीं घायलों की संख्या में भी 114 मामलों की गिरावट आई।
  • जून 2019 में घायल हुए 745 व्यक्यिों की तुलना में इस साल जून में यह संख्या 631 है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और Twitter पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts