एक ही रात में कई जगह चोरी, दो CSC सेंटरों से 1.40 लाख रुपये और सामान चोरी

दो सीएससी सेंटरों से 1.40 लाख नकदी व सामान चोरी, देवीलाल मार्केट में भी टूटे ताले

Published On

हांसी, सच कहूँ/मुकेश। Hansi News: शहर में चोरों ने एक ही रात में अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस गश्त को चुनौती दी है। मोची मोहल्ले में दो सीएससी सेंटरों के ताले तोड़कर चोर करीब 1 लाख 40 हजार रुपये नकद और कीमती सामान चोरी कर ले गए। वहीं, बस स्टैंड के नजदीक स्थित देवीलाल मार्केट में भी कुछ दुकानों के ताले टूटने की सूचना है। खास बात यह है कि देवीलाल मार्केट बस स्टैंड और पुलिस चौकी से महज कुछ कदम की दूरी पर है।

जानकारी के अनुसार, मोची मोहल्ले में ढाणी कुंदनापुर निवासी रंजीत और गांव ढाणा कलां निवासी आलोक के सीएससी सेंटरों को चोरों ने निशाना बनाया। आलोक के सेंटर से गल्ले में रखे करीब 1 लाख 25 हजार रुपये चोरी कर लिए, जबकि रंजीत के सेंटर से एक लैपटॉप, 15 हजार रुपये नकद, फिंगरप्रिंट डिवाइस और लैपटॉप बैग चोरी कर लिया।

दोनों सेंटरों में रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच वारदात हुई। आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कंबल ओढ़े दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं। रात का समय होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो पाई। सूचना मिलने पर बस स्टैंड चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि एक दुकान से चांस प्रिंट मिला है, जिसे नियमानुसार जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। पुलिस आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

देवीलाल मार्केट में भी टूटे दुकानों के ताले

बस स्टैंड के नजदीक देवीलाल मार्केट में भी कुछ दुकानों के ताले टूटने की सूचना सामने आई है। जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि फिलहाल इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एक ही रात में अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में चिंता है। बस स्टैंड और पुलिस चौकी के नजदीक चोरी की सूचना ने रात्रि गश्त और बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts