शिक्षा और रोजगार
Typhoid Positive: कण्डेला पीएचसी में 165 लोगों की हुई जांच, चार ग्रामीण टायफाइड पॉजिटिव मिले
प्रदूषण से लोगों के बीमार होने के आरोपो के पश्चात स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाया गया शिविर
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kandela PHC News: कैराना ब्लॉक क्षेत्र के गांव कण्डेला में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष जांच शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 165 लोगों की रक्त के नमूने लेकर जांच की गई। बुधवार को डॉ0 विकास कुमार के नेतृत्व में आयोजित शिविर में चिकित्सकों की टीम ने रैपिड डाइग्नोस्टिक टेस्ट(आरडीटी) किट के द्वारा मरीजों की जांच की। इस दौरान हेपेटाइटिस-सी व बी, टाइफाइड, मलेरिया, डेंगू, हीमोग्लोबिन, शुगर, प्रेग्नेंसी आदि की जांच की गई। जांच के दौरान चार लोग टाइफाइड पॉजिटिव पाए गए, जबकि तीन लोगों में खून की कमी मिली। इनमें दो पुरुष व एक महिला शामिल है।
इसके अलावा, तीन महिलाओं की प्रेग्नेंसी की भी जांच की गई। चिकित्सकों के द्वारा शिविर में पहुंचे लोगो को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गई। साथ ही, उन्हें मौसम परिवर्तन के दृष्टिगत आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह भी दी। सीएचसी कैराना प्रभारी शैलेन्द्र चौरसिया भी जांच शिविर के निरीक्षण पर पहुंचे। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों की टीम को निष्ठां एवं समर्पित भाव से अपने उत्तरदायित्व का निर्वहन करने के निर्देश दिए। टीम में डॉ0 विकसित चौधरी, फार्मासिस्ट योगेश शर्मा, स्टाफ नर्स सोनम, लैब टेक्नीशियन विपिन कुमार, वार्ड ब्वाय दीपक शर्मा शामिल रहे। वहीं, सीएचसी प्रभारी ने बताया कि गांव कण्डेला में शिविर आयोजित करके मरीजों का स्क्रीनिंग टेस्ट किया गया है।
इस दौरान किसी भी व्यक्ति को गम्भीर बीमारी के लक्षण नजर नही आए। शिविर में आए ज्यादातर लोग स्वस्थ्य पाए गए है। भविष्य में भी शिविर आयोजित करके लोगो के स्वास्थ्य की जांच का सिलसिला जारी रहेगा। विदित रहे कि विगत दिनों कण्डेला के औद्योगिक क्षेत्र में संचालित फैक्ट्रियों से फैल रहे प्रदूषण के खिलाफ ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया था। धरनारत ग्रामीणों ने प्रदूषण से लोगो में गम्भीर बीमारियां होने के भी आरोप लगाए थे। इसी के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव में शिविर आयोजित करके लोगो की जांच की गई।
Comments