Punjab: पंजाब में आरटीओ दफ्तर हुए पूरी तरह फेसलेस

Published On

56 सेवाएं ऑनलाइन और सेवा केंद्रों से उपलब्ध

  • सीएम मान ने लुधियाना से किया डिजिटल व्यवस्था का उद्घाटन

लुधियाना (सच कहूँ न्यूज)। Punjab Faceless RTO Services: पंजाब में परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली में ऐतिहासिक बदलाव करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लुधियाना में आरटीओ की 100 प्रतिशत फेसलेस सेवाओं का शुभारंभ किया। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में घोषणा की गई कि अब पूरे प्रदेश में आरटीओ दफ्तर बंद कर दिए गए हैं और सभी सेवाएं सेवा केंद्रों व ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में इस दिन को डिजिटल दिवस करार देते हुए कहा कि आरटीओ दफ्तरों में सबसे अधिक भ्रष्टाचार और परेशानी होती थी। चालान, आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस जैसे कार्यों के लिए लोगों को लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता था। अब 1076 नंबर पर कॉल कर घर बैठे लर्निंग लाइसेंस बनवाया जा सकेगा। उन्होंने कहा, हमने भ्रष्टाचार पर ताला लगाकर उसकी चाबी कूड़ेदान में फेंक दी है। Punjab News

सीएम मान ने स्पष्ट किया कि किसी भी कर्मचारी को बेरोजगार नहीं किया जाएगा। उनकी योग्यता के अनुसार उन्हें अन्य विभागों में समायोजित किया जाएगा। केवल वाहन फिटनेस टेस्ट जैसे कुछ कार्यों के लिए ही नागरिकों को कार्यालय आना पड़ेगा। पिछले एक वर्ष में 29 लाख से अधिक लोग आरटीओ सेवाओं के लिए आए थे, अब यह सभी कार्य आॅनलाइन होंगे। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 1947 में देश को आजादी मिली थी, लेकिन अफसरशाही ने जनता को गुलाम बना रखा था। अब बिना रिश्वत के काम होंगे। उन्होंने कहा कि कर्मचारी फोटोस्टेट मशीन लेकर घर आएंगे और दलालों की जरूरत समाप्त हो जाएगी। सभी विभागों में डिजिटल सिस्टम लागू किया जाएगा।

अब ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी और वाहनों से जुड़ी 56 सेवाएं सेवा केंद्रों या आॅनलाइन पोर्टल से प्राप्त की जा सकेंगी। पंजाब में 544 सेवा केंद्र हैं, जिनमें टाइप-1 केंद्र जिला मुख्यालयों में, टाइप-2 की संख्या 228 और टाइप-3 की संख्या 294 है। पहले केवल 38 सेवाएं ही सेवा केंद्रों से मिलती थीं। प्रत्येक सेवा केंद्र में परिवहन विभाग के लिए अलग काउंटर होंगे। जो लोग ऑनलाइन फॉर्म नहीं भर सकते, उनके लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है, जो दस्तावेजों और प्रक्रिया की जानकारी देगी।

यह भी पढ़ें:– डीआईजी हरचरण भुल्लर की मुश्किलें बढ़ीं, आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज, बिचौलिया कृष्णु 9 दिन के सीबीआई रिमांड पर

About The Author

Related Posts