लुधियाना-फिरोजपुर रोड पर पराली से भरा ट्रक पलटा

पराली से लदा ट्रक बेकाबू होकर जवादी पुल के पास पलटा

Sarvesh Kumar Picture
Published On

लुधियाना (सच कहूँँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा)। Ludhiana News: लुधियाना-फिरोजपुर रोड को मिल रोड से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया। जवादी पुल के पास पराली से भरा एक भारी ट्रक अचानक बेकाबू होकर सड़क के बिल्कुल बीच में पलट गया। खुशकिस्मती से इस हादसे में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन सड़क पर पराली फैलने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। हैरानी की बात यह रही कि हादसा रात के समय होने के बावजूद अगले दिन सुबह तक प्रशासन या संबंधित विभाग द्वारा ट्रक को हटाने के लिए कोई त्वरित कार्रवाई नहीं की गई, जिससे मुख्य रास्ता पूरी तरह जाम हो गया और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सुबह तक भी रास्ता साफ नहीं होने से काम के लिए निकले लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। जवादी पुल के पास यातायात पूरी तरह ठप्प रहा। स्थानीय लोगों ने मांग की कि इस तरह के हादसों के बाद तुरंत राहत कार्य शुरू किया जाए, ताकि आम जनता को परेशानी न झेलनी पड़े। इस संबंध में जानकारी देते हुए ट्रैफिक जोन इंचार्ज हरप्रीत सिंह ने बताया कि वह ट्रैफिक का राउंड कर रहे थे, जब उन्होंने देखा कि पराली से भरी ट्रॉली पलटी हुई है। जाम को देखते हुए त्वरित कार्रवाई कर रास्ता क्लियर कराया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो गया।

About The Author

Related Posts