तीसरे दिन खिली धूप तो मिली कुछ राहत

Published On

सुबह कोहरे व सर्द हवाओं ने छुड़ाई धूजणी

हनुमानगढ़। दिसम्बर के अंतिम दिनों में हनुमानगढ़ जिला पूरी तरह सर्दी की चपेट में आ गया है। शुक्रवार को जिले भर में लगातार दिन कोहरा छाया रहा। शीतलहर ने लोगों की कंपकंपी छूटा दी। कोहरे के चलते सड़कों पर वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आए। स्थिति यह थी कि सड़क पर थोड़ी आगे चल रहे लोग भी दिखाई नहीं दे रहे थे। कोहरे के चलते सुबह सड़कें सूनी नजर आई। राहत की बात यह रही कि शुक्रवार को तीसरे दिन धूप खिली तो लोगों को कड़ाके की सर्दी से कुछ राहत मिली।

हालांकि इससे पहले दोपहर करीब साढ़े 11 बजे तक इलाके में कोहरे का असर रहा। दुपहिया वाहनों पर निकले लोगों को सर्वाधिक परेशानी हुई। ठंडी हवाओं से लोग कंपकंपाते नजर आए। बचाव के लिए लोग कंबलों व गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। इधर, एक और जहां कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। वहीं गत कई दिनों से पढ़ रही गर्मी के बाद अचानक बढ़ी सर्दी रबी की फसल के लिए वरदान साबित होगी। मौसम विभाग ने आने वाले दो-तीन दिन तक कोहरे का असर रहने की संभावना जताई है। कोहरे के कारण तापमान में गिरावट से सर्दी भी बढ़ गई है।

सर्दी बढऩे के साथ ही स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंच रहे हैं। यूं तो आधिकारिक तौर पर सर्दी का सीजन आए हुए दो माह बीत गए हैं, लेकिन दिसम्बर के आखिरी पड़ाव में पहुंचने के बाद भी ठंड का काफी कम अहसास हुआ था। लेकिन बीते तीन दिन से मौसम बदल रहा है और शीतलहर, कोहरा कुछ दिसम्बर की सर्दी का अहसास करा रहा है। सुबह से ही सर्द हवा चल रही है। कोहरे के साथ हवाएं चलने से दिन में भी रात जैसी गलन भरी सर्दी का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को भी हनुमानगढ़ में कोहरा रहेगा और आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट होने की उम्मीद है।

अन्य अपडेट हासिल करने के लिए हमें Facebook और TwitterInstagramLinkedIn , YouTube  पर फॉलो करें।

About The Author

Related Posts