एसी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, मची अफरा-तफरी, दमकल कर्मियों ने आग पर पाया काबू

एसी में अचानक लगी आग, सूर्य नगर के आवासीय फ्लैट में मचा हड़कंप

Sarvesh Kumar Picture
Published On

गाजियाबाद (एजेंसी)। Ghaziabad News: गाजियाबाद के सूर्य नगर स्थित एक आवासीय फ्लैट में गुरुवार सुबह एयर कंडीशनर (एसी) में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग देखते ही देखते कमरे के अंदर तक फैल गई, लेकिन समय रहते पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।  

इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि कमरे में रखा घरेलू सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार 4 जून को सुबह करीब 10:23 बजे फायर कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि सूर्य नगर स्थित फ्लैट संख्या सी-209, द्वितीय तल पर आग लग गई है।

सूचना मिलते ही फायर सर्विस की यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई। अग्निशमन कर्मियों के मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आग एयर कंडीशनर से शुरू हुई थी और धीरे-धीरे कमरे के अंदर फैल चुकी थी। आग की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस की टीम ने बिना समय गंवाए मोर्चा संभाला और मोटर फायर इंजन (एमएफई) के माध्यम से पानी की पंपिंग कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

फायर कर्मियों की कुशलता और त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही समय में आग पर नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया और उसे पूरी तरह बुझा दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो यह आसपास के अन्य फ्लैटों तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान होने की आशंका थी। आग लगने से कमरे में रखा फर्नीचर, घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामान तथा अन्य उपयोगी वस्तुएं क्षतिग्रस्त हो गईं।

राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति आग की चपेट में नहीं आया और सभी सुरक्षित रहे। अग्निशमन विभाग ने आग बुझाने के बाद वहां मौजूद लोगों को विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग तथा नियमित रखरखाव संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसके बाद फायर सर्विस की टीम वापस फायर स्टेशन लौट गई।

Ghaziabad News

About The Author

Related Posts