मुलायम सिंह यादव की जयंती पर अजीम जैदी ने फूलों से बनाई भव्य तस्वीर, दी श्रद्धांजलि

फूलों से खेत में उकेरी नेताजी मुलायम सिंह यादव की भव्य आकृति, एक बीघा में बनाई साइकिल; अजीम जैदी की अनोखी श्रद्धांजलि

Published On

मीरापुर, सच कहूँ/कोमल प्रजापति। Mirapur News: समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर मीरापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मुझेड़ा सादात में अनूठा नजारा देखने को मिला। समाजवादी पार्टी युवा जनसभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अजीम जैदी ने अपने निजी खेत में फूलों से नेताजी की भव्य आकृति सजाकर उन्हें अनोखे अंदाज में श्रद्धांजलि अर्पित की।

सफेद, गुलाब और गेंदे के फूलों से नेताजी की आकर्षक प्रतिमा और तस्वीर तैयार की गई। वहीं, समाजवादी विचारधारा के संदेश पीडीए को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। आयोजन का सबसे खास आकर्षण लगभग एक बीघा जमीन में फूलों से बनाई गई समाजवादी पार्टी के चुनाव चिह्न साइकिल की विशाल आकृति रही।

इस दौरान अजीम जैदी भावुक नजर आए। उन्होंने बताया कि उनकी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत नेताजी मुलायम सिंह यादव के आशीर्वाद से हुई थी। नेताजी ने जब उन्हें अपने हाथों से लाल टोपी पहनाई थी, वह पल उनके जीवन का यादगार क्षण बन गया। उन्होंने बताया कि मेदांता अस्पताल में नेताजी के भर्ती रहने के दौरान वह लगातार दस दिनों तक अस्पताल के बाहर रहकर उनके स्वस्थ होने की दुआ करते रहे।

अजीम जैदी ने कहा कि नेताजी उनके लिए केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि राजनीतिक जीवन के प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक रहे हैं। गरीबों, किसानों, नौजवानों और पिछड़ों के सम्मान के लिए नेताजी ने जो संघर्ष किया, उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।

इस आयोजन को सफल बनाने में सरफराज कुरैशी, अमरदीप गुर्जर, विक्की शर्मा, आयान राजपूत, दानिश कुरैशी, साहिल जैदी, सोनू, फरमान, परवेज राजपूत, साहिब अंसारी और बिलाल सहित पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

फूलों से सजी नेताजी की भव्य आकृति, पीडीए का संदेश और एक बीघा खेत में बनी विशाल साइकिल की तस्वीर ने इस आयोजन को क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया। अजीम जैदी की यह पहल नेताजी के प्रति उनके प्रेम, सम्मान और राजनीतिक समर्पण की अनूठी मिसाल बनकर सामने आई।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts