Punjab
मीरापुर के भुम्मा रोड पर फलों के गोदाम में लगी भीषण आग, भारी नुकसान
मीरापुर के भुम्मा रोड पर फलों के गोदाम में लगी भीषण आग, भारी नुकसान
मीरापुर।(सच कहूं/कोमल प्रजापति) कस्बे के भुम्मा रोड स्थित एक फलों के गोदाम में शनिवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे गोदाम में रखा भारी मात्रा में फल जलकर नष्ट हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भुम्मा रोड निवासी सावेज पुत्र नईम फल विक्रेता हैं और अपनी मारुति कार में फल रखकर बिक्री का कार्य करते हैं। बताया गया कि दिनभर फल बेचने के बाद वह शाम के समय अपनी कार को गोदाम में खड़ा कर गए थे। कार एलपीजी गैस से संचालित थी। इसी दौरान किसी कारणवश कार में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कार में लगे एलपीजी सिलेंडर को भी अपनी चपेट में ले लिया और आग तेजी से फैल गई। सिलेंडर से आग भड़कने के कारण पूरा गोदाम आग की लपटों में घिर गया। गोदाम में रखे फल, प्लास्टिक क्रेट तथा अन्य सामान जलकर राख हो गए। आग की लपटें और धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका। हालांकि तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान नष्ट हो चुका था। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से भारी आर्थिक नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।