एसडीएम से मिले जगनपुर के ग्रामीण, जल निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की मांग

एसडीएम से मिले जगनपुर के ग्रामीण, जल निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की मांग

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए करीब पांच सौ मीटर लंबी सड़क को खोदने के प्रस्ताव को लेकर ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर उपजिलाधिकारी शिवाजी यादव को शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने सड़क की खुदाई शुरू कराने से पहले तकनीकी अधिकारियों से स्थलीय निरीक्षण तथा वैकल्पिक जल निकासी मार्ग की जांच कराने की मांग की है। पत्र में बताया कि गांव के पश्चिमी क्षेत्र में जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए करीब 500 मीटर लंबी सड़क को लगभग दो से तीन फीट तक खोदकर नाला अथवा जल निकासी की व्यवस्था किए जाने तथा बाद में सड़क के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव सामने आया है।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस दिशा से नाला निकाला जा रहा है उस क्षेत्र में एक हजार से अधिक गरीब एवं निम्न आय वर्ग के परिवार निवास करते हैं। सड़क संकरी होने से मकानों के प्रवेश मार्ग प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में लोगों को सीढ़ियां एवं चबूतरे आदि बनवाने के लिए अतिरिक्त आर्थिक खर्च उठाना पड़ सकता है। साथ ही, सड़क की प्रभावी चौड़ाई कम होने से ग्रामीणों, छोटे किसानों की बुग्गियों एवं अन्य वाहनों के आवागमन में परेशानी हो सकती है। पत्र में ग्रामीणों ने यह भी कहा कि सड़क संकरी होने और बड़े नाले के निर्माण से मकानों की नींव के आसपास जलभराव, सीलन अथवा संरचनात्मक नुकसान की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं, सड़क को तोड़कर दोबारा बनाने से सरकारी धन पर भी अतिरिक्त भार पड़ेगा।

ग्रामीणों ने मांग की कि सड़क की खुदाई अथवा उसका स्तर कम करने से पहले तकनीकी एवं राजस्व अधिकारियों की संयुक्त टीम से मौके का निरीक्षण कराया जाए। ग्रामीणों ने सुझाए गए वैकल्पिक जल निकासी मार्गों की भी निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाने की मांग की गई है। उन्होंने प्रस्तावित और वैकल्पिक व्यवस्थाओं की लागत, तकनीकी स्थिति, प्रभावित परिवारों की संख्या, जन-असुविधा, मकानों की सुरक्षा तथा गरीब परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक प्रभाव की तुलनात्मक जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ऐसा विकल्प चुना जाना चाहिए, जो स्थायी, सुरक्षित, कम खर्चीला और व्यापक जनहित में हो। इस दौरान रवि आर्य, सुगम, दीपक, महीपाल, मदन, राकेश, ओमकार, देवीसिंह, सुनील, सतीश, राहुल, शौकीन, श्यामसिंह, इलमचन्द, ब्रह्मसिंह आदि मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts