Mission Shakti: संवाद एवं काउंसलिंग के माध्यम से पारिवारिक विवाद का समाधान
संवाद एवं काउंसलिंग के माध्यम से पारिवारिक विवाद का समाधान
कैराना। Kairana News: मिशन शक्ति-6.0 अभियान के अंतर्गत एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार थाना कैराना की मिशन शक्ति टीम के द्वारा महिला सुरक्षा, पारिवारिक सौहार्द एवं आपसी समन्वय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रभावी पहल की गई। टीम को पारिवारिक विवाद से सम्बन्धी शिकायत प्राप्त हुई, जिसके पश्चात प्रथम पक्ष रूबीना निवासी ग्राम नंगला राई एवं द्वितीय पक्ष फरमान निवासी ग्राम रामडा को थाने पर बुलाया गया। इसके पश्चात, दोनों पक्षों की बात को गंभीरतापूर्वक सुना गया। मिशन शक्ति टीम ने दोनों पक्षों से संवाद स्थापित करके काउंसलिंग के माध्यम से पारिवारिक विवाद के कारणों को समझा तथा आपसी मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से दूर करने के लिए प्रेरित किया।
टीम ने दोनों पक्षों को आपसी विश्वास, सम्मान एवं सहयोग के साथ पारिवारिक जीवन आगे बढ़ाने के लिए समझाया। मिशन शक्ति टीम की पहल एवं प्रभावी काउंसलिंग के फलस्वरूप दोनों पक्षों के मध्य आपसी सहमति बनी, जिस पर दोनों पक्षों ने स्वेच्छा से समझौता कर लिया। विदित रहे कि शामली पुलिस के द्वारा मिशन शक्ति-6.0 अभियान के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा सम्मान एवं स्वावलंबन के साथ-साथ पारिवारिक विवादों के शांतिपूर्ण समाधान हेतु संवाद एवं काउंसलिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे परिवारों में आपसी विश्वास एवं सौहार्द कायम रखने में सहयोग मिल सके।