कार्तिक पूर्णिमा पर ‘कालिंदी’ पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

Published On

यमुना नदी में हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, विशेष पूजा-अर्चना कर मांगी मन्नतें

  • सुरक्षा-व्यवस्था के मद्देनजर यमुना पर मुस्तैद दिखाई दिया पुलिस-प्रशासनिक अमला

कैराना (सच कहूँ/संदीप इन्सां)। कार्तिक पूर्णिमा (Kartika Purnima) के अवसर पर यमुना नदी पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। यूपी-​हरियाणा से नदी पर पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान विशेष पूजा-अर्चना कर परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की गई। एसएसपी व एएसपी ने सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लेकर मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा।

सोमवार को क्षेत्र में कार्तिक पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सूर्य की पहली किरण नजर आने से पूर्व ही यूपी-हरियाणा सीमा पर स्थित यमुना नदी पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। सूर्य उगने तक यमुना पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। यूपी और हरियाणा से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने यमुना नदी में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने स्नान कर परिवार में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। वहीं, श्रद्धालुओं ने यमुना घाट पर स्थित प्राचीन मंदिरों के दर्शन करके पितरों की शांति के लिए विशेष पूजा-अर्चना की गई।

मेले में श्रद्धालुओं ने जमकर की खरीदारी | Kairana News

कार्तिक पूर्णिमा के चलते यमुना किनारे विशाल मेले का आयोजन किया गया। जहां स्नान करने आए श्रद्धालुओं ने मेले में जमकर खरीदारी भी की। सबसे ज्यादा उत्साह बच्चों व महिलाओं में देखने को मिला, जिन्होंने अपने पसंदीदा सामान की खरीदारी की। वहीं, श्रद्धालुओं ने प्रसाद का वितरण भी किया। Kairana News

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

यमुना नदी में स्नान के चलते सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। एसएसपी अभिषेक झा व एएसपी ओपीसिंह ने यमुना नदी पर पहुँचकर सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मातहतों को जरूरी निर्देश दिए। इसके अलावा स्थानीय पुलिस के साथ पीएसी के जवानों को भी तैनात किया गया था। किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए यमुना नदी पर नाव भी लगाई गई थी, जिसमें पुलिसकर्मी और गोताखोर यमुना में घूमकर कड़ी नजर रखे हुए थे। वहीं, कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र सिंह कसाना पुलिस टीम के साथ दिनभर यमुना पर मुस्तैद दिखाई दिए।

यह भी पढ़ें:– पंजाब में रिश्वत लेने के आरोप में एएसआई बलदेव सिंह गिरफ्तार

About The Author

Related Posts