Telangana Crime: तेलंगाना की राजधानी में रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी की पत्नी की हत्या, इलाके में सनसनी

''प्रारंभिक जांच में मामला सुनियोजित लूट और हत्या का प्रतीत हो रहा''

Published On

Telangana Crime: हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के प्रतिष्ठित जुबली हिल्स क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी के घर हुई हत्या की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस के अनुसार, पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधिकारी विनय रंजन राय की पत्नी सुनंदा मृत अवस्था में उनके आवास से बरामद हुईं। प्रारंभिक जांच में लूटपाट के उद्देश्य से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। Hyderabad News

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना प्रशासन नगर कॉलोनी स्थित तीन मंजिला मकान में हुई। उस समय परिवार के अन्य सदस्य ऊपरी मंजिल पर मौजूद थे, जबकि सुनंदा निचले हिस्से में अकेली थीं। बताया जा रहा है कि घर में हाल ही में नियुक्त की गई घरेलू सहायिका ने कथित रूप से अपने सहयोगियों को घर में प्रवेश दिलाया। इसके बाद वारदात को अंजाम देकर आरोपी नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। जांच एजेंसियों के मुताबिक, घटना देर रात की बताई जा रही है।

पुलिस को संदेह है कि आरोपियों ने महिला के हाथ बांधकर उनका दम घोंटा। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। हैदराबाद पुलिस आयुक्त वी. सी. सज्जनार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला सुनियोजित लूट और हत्या का प्रतीत हो रहा है।

आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस को शक है कि घटना में शामिल लोग नेपाल मूल के हो सकते हैं। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रशासन नगर क्षेत्र में कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के आवास स्थित हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरेलू सहायकों को नियुक्त करने से पहले उनका सत्यापन अवश्य कराएं और सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक सावधानियां बरतें। Hyderabad News

About The Author

Related Posts